झज्जर। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बाद भी लोग पूरी तरह से सावधानी नहीं बरत रहे हैं। हर रोज कोरोना संक्रमितों के आंकड़ों में बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को भी जिले में कोरोना संक्रमितों की स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी की गई सूची के अनुसार दो विद्यार्थियों व पांच महिलाओं सहित 21 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि 12 लोगों ने कोरोना की जंग जीती है। वहीं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं डीसी जितेंद्र कुमार ने कोरोना की रोकथाम एवं बचाव के लिए आमजन को जागरूक होने का आह्वान किया है। उन्होंने राजस्व एवं आपदा विभाग की ओर से जारी किए गए निर्देशों के अनुपालन प्रभावी तरीके से करने के आदेश जारी किए गए हैं।
कार्यक्रमों में सावधानी बरतने के आदेश
डीसी जितेंद्र कुमार ने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर हाल ही में कोरोना संक्रमण से बचाव और रोकथाम को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ सामाजिक, शैक्षणिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक व राजनीतिक कार्यक्रम में सावधानी बरतने के आदेश दिए हैं। जारी आदेशों के अनुसार किसी कार्यक्रम के आयोजन के दौरान लोगों के भाग लेने की अधिकतम संख्या निर्धारित कर दी गई है। भवन के अंदर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में स्थान की क्षमता के 50 प्रतिशत या अधिकतम 200 लोग ही भाग ले सकते हैं।
कार्यक्रम के लिए शहरी स्थानीय निकाय करेगा क्षमता का निर्धारण
भवन की क्षमता का निर्धारण शहरी स्थानीय निकाय विभाग करेगा। इसी प्रकार खुले में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिकतम 500 लोग भाग ले सकते हैं। अंतिम संस्कार के लिए 50 लोगों की संख्या निर्धारित की गई है। सामाजिक, शैक्षणिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक व राजनैतिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला प्रशासन से पहले अनुमति भी लेनी होगी।
148 हुए कोरोना के एक्टिव मरीज
जिले में सोमवार की शाम तक के आंकड़ों को देखा जाए तो 6179 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 5929 लोग कोरोना की जंग जीत चुके हैं। फिलहाल तक जिले में 148 एक्टिव मरीज बचे हुए हैं। निरंतर बए़ रहे कोरोना संक्रमण को देखा जाए तो लोग पूरी लोग पूरी तरह से लापरवाही बरत रहे हैं। चाहे वह सार्वजनिक स्थान हो या फिर निजी हो कहीं भी नियमों का पालन होता दिखाई नहीं दे रहा है।
कोरोना के मामले निरंतर बढ़ रहे हैं। इस लिए हर व्यक्ति को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। कोरोना को लेकर निर्धारित नियमों का पालन करें।
- डॉ. संजीव दहिया, सीएमओ, झज्जर।