कोरोना संदिग्ध मरीज को लेकर अस्पताल पहुंची एंबुलेंस व टीम।
- फोटो : Jhjhar
बहादुरगढ़ पुलिस में कार्यरत एसपीओ के पद पर कार्यरत व झज्जर निवासी व्यक्ति को लेकर झज्जर के सामान्य अस्पताल में पहुंची एंबुलेंस उसकी रिपोर्ट आने के इंतजार में करीब 1 घंटे तक धूप में खड़ी रही। कोई भी व्यक्ति एंबुलेंस के निकट नहीं गया। केवल उसे लेने के लिए गई टीम के सदस्य ही एंबुलेंस के निकट जा रहे थे। करीब 1 घंटे तक धूप में खड़ी एंबुलेंस पूरी तरह से गर्म हो चुकी थी और तापमान भी करीब 41 डिग्री तक पहुंच गया था। कोरोना संदिग्ध होने के कारण उसे सावधानी बरतते हुए एंबुलेंस से नीचे नहीं उतारा गया। काफी समय के बाद उसे गिरावड वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया, लेकिन जब वहां से पता चला उक्त व्यक्ति की रिपोर्ट आ चुकी है और वह कोरोना पॉजिटिव है एंबुलेंस वापस उसे रोहतक पीजीआई ले जाने के लिए पहुंची लेकिन उक्त व्यक्ति ने रोहतक पीजीआई जाने से इनकार कर दिया। उसके बाद उसे बाढसा के एम्स में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है उक्त व्यक्ति झज्जर के भट्टी गेट क्षेत्र में रहता था और बहादुरगढ़ पुलिस थाने में एसपीओ के रूप में नौकरी करता है। वह हर रोज अपने घर पर आवागमन करता है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम व्यक्ति को लेकर सामान्य अस्पताल आई तो उसे एक तरफ खड़ा करवा दिया गया। टीम के सदस्यों ने बताया कि एंबुलेंस को स्पेशल कोरोना के मरीजों के लिए लगाया गया है। इस एंबुलेंस में किसी दूसरे मरीज को नहीं ले जाया जाता है। टीम के सदस्यों का कहना है कि वे बहादुरगढ़ से मिली सूचना के आधार पर उक्त व्यक्ति को लेकर आए थे। उसकी रिपोर्ट झज्जर नहीं पहुंचने के कारण रिपोर्ट आने का इंतजार करना पड़ा। उसकी बहादुरगढ़ से रिपोर्ट आने के बाद रेफर किया गया।