जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शनिवार को 56 नये केस सामने आए। इस तरह शनिवार तक जिले में कोरोना के 1845 केस हो चुके हैं। एक्टिव केसों की संख्या 463 हो चुकी है। शनिवार को 27 लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया। अब तक 1363 लोग स्वस्थ हो चुके।
झज्जर जिले में शनिवार तक कुल 63418 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया। जिनमें से 1845 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और 60692 लोगों की निगेटिव आई। अभी 881 सैंपल की जांच रिपोर्ट नहीं आई है। जिले में 1845 को संक्रमण हो चुका है। जिनमें से 870 को अस्पतालों में आइसोलेट किया गया और 975 को उनके घरों में ही रखा गया। फिलहाल 463 केस एक्टिव हैं और 1363 को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया जा चुका है। अब केवल एक व्यक्ति वेंटिलेटर पर है और 19 की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है।
शनिवार को डिस्चार्ज किए गए लोगों में बहादुरगढ़ के 12, झज्जर के 9, बादली के 2 और बेरी के 2 शामिल हैं। सीएमओ डॉ. संजय के मुताबिक, फिलहाल 182 लोग अस्पतालों में आइसोलेट हैं और 281 को घरों में ही आइसोलेट किया गया है। शनिवार को सैंपल पॉजिटिविटी रेट 2.9 फीसदी और रिकवरी रेट 73.87 फीसदी रहा। जिले में टेस्टिंग रेशो 5762 व्यक्ति प्रति लाख रिकॉर्ड किया गया। जिले के 121846 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अब तक 8130 लोगों को सर्विलांस पर रखा गया। जिनमें से 7851 लोगों की सर्विलांस अवधि पूरी हो चुकी है और 279 लोग अभी सर्विलांस पर हैं। शनिवार तक जिले में 860 कंटेनमेंट जोन बनाए गए। जिनमें से 453 जोन फिलहाल एक्टिव हैं और 407 जोन को डीकन्टेन किया जा चुका है। शहरी क्षेत्र में 201 और ग्रामीण क्षेत्र में 252 कंटेनमेंट जोन हैं।
जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय ने लोगों को कोरोना से बचाव के लिए विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि गैर जरूरी परिस्थितियों में घरों से न निकलें। बेहद आवश्यक कार्य के लिए घर से निकलना भी पड़े तो फेस मास्क अवश्य लगाएं। एक-दूसर से कम से कम दो गज की शारीरिक दूरी बनाए रखें। थोड़ी-थोड़ी देर बाद साबुन लगाकर अच्छी तरह हाथ धोएं, अगर हाथ धोने की व्यवस्था न हो तो कारगर सैनिटाइजर से हाथों को सैनिटाइज अवश्य करें।