जिले में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या में फिर बढ़ोतरी हो गई। शनिवार को जिले के 11 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि केवल तीन लोगों को संक्रमण मुक्त होने पर डिस्चार्ज किया गया। शनिवार को रिकवरी रेट लगभग एक फीसदी घटकर 89.5 फीसदी रहा। शुक्रवार को जिले में कोरोना का कोई नया केस नहीं मिला था। शनिवार को 11 नये केस आने के बाद अब तक झज्जर जिले के कुल 898 लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 804 स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक कुल बारह की मौत हो चुकी है और अब 82 पॉजिटिव केस फिलहाल एक्टिव हैं।
तीन महीने का बच्चा भी संक्रमित
शनिवार को झज्जर से एक और बहादुरगढ़ क्षेत्र से 10 व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले। नये संक्रमितों में लाइन पार क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी 72 वर्षीय महिला को एसडीएच बहादुरगढ़ में भर्ती कराया गया है। शहर के बसंत विहार के तीन महीने के बच्चे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इस बच्चे को घर में ही आइसोलेट किया गया है। गांव लोहारेड़ी के दो श्रमिकों को भी कोरोना संक्रमण हो गया है। इनमें एक आयु 18 और दूसरे की 20 साल है। दोनों को एसडीएच बहादुरगढ़ में दाखिल किया गया है। बसंत विहार निवासी 23 वर्षीय विद्यार्थी व 52 वर्षीय व्यक्ति को भी एसडीएच में दाखिल किया गया है। काठ मंडी के 67 वर्षीय व्यापारी को महाराजा अग्रसेन अस्पताल दिल्ली में, गांव दुल्हेड़ा के 57 वर्षीय दुकानदार को आरजे अस्पताल बहादुरगढ़ में, गांव लोवा कलां की 66 वर्षीय महिला को जीवन ज्योति अस्पताल बहादुरगढ़ में, अग्रवाल कॉलोनी के निवासी 48 वर्षीय व्यापारी को मिशन अस्पताल बहादुरगढ़ में भर्ती कराया गया है। जबकि सीमा सुरक्षा बल के जवान बेरी के गांव माजरा डी के निवासी 30 वर्षीय युवक को घर में ही आइसोलेट किया गया है।
- तीन किए गए डिस्चार्ज
बहादुरगढ़ के लाइन पार इलाके की कॉलोनी शास्त्रनगर की गली नंबर-3 के 45 वर्षीय व्यक्ति, महावीर पार्क की गली नंबर-4 के 26 वर्षीय श्रमिक और धर्म विहार की गली नंबर-6 के निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति को निगेटिव रिपोर्ट आने पर एसडीएच बहादुरगढ़ से शनिवार को डिस्चार्ज कर दिया गया।
- 33515 लोगों की कोरोना जांच
जिले में शनिवार तक 33515 लोगों की कोरोना जांच की गई। जिनमें से 856 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 32242 की निगेटिव आई। जबकि 417 लोगों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। अब तक जिले के 898 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, अब तक 493 लोगों को अस्पतालों में आइसोलेट किया गया और 405 लोग होम आइसोलेट किए गए। फिलहाल 82 एक्टिव पेशेंट हैं और 804 को स्वस्थ घोषित किया जा चुका है। जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय दहिया के अनुसार, अब तक जिले के 12 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 49 लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं और 33 संक्रमितों को उनके घरों में ही रखा गया है। शनिवार को सैंपल पॉजिटिविटी रेट 2.5 फीसदी और रिकवरी रेट 89.5 फीसदी रहा। शनिवार तक जिले के कुल 97920 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अब तक कुल 7473 लोगों को सर्विलांस पर रखा गया, जिनमें से 7251 की सर्विलांस अवधि पूरी हो चुकी है और 222 लोग फिलहाल सर्विलांस पर हैं। शनिवार को जिले में टेस्टिंग रेशो 3045 व्यक्ति प्रति लाख रहा। अब तक जिले के 17432 लोग केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का एप आरोग्य सेतु अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड कर चुके हैं।