जिले में बुधवार को तीन कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। पोर्टल पर एक पुराना केस दर्ज किया गया। गांव खेड़ी आसरा, जहांगीरपुर व सुहरा से एक-एक व्यक्ति की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सैनीपुरा बहादुरगढ़ से पोर्टल पर एक पुराना केस है। जिले में कुल 265 पॉजिटिव केसों में से अब तक 186 व्यक्ति ठीक हो चुके हैं। चार व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। फिलहाल जिले में 75 पॉजिटिव केस हैं।
खेड़ी आसरा निवासी 32 वर्षीय बैंक कर्मचारी, जहांगीरपुर निवासी 30 वर्षीय सैन्यकर्मी और सुरहा निवासी 34 वर्षीय प्लंबर को उनके घरों में ही आइसोलेट किया गया है। जबकि सैनीपुरा के कोरोना पेशेंट फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं। सीएमओ डॉ. रणदीप पूनिया ने बुधवार को कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के प्रति लापरवाही भारी पड़ सकती है। हालांकि जिले का रिकवरी रेट बहुत अच्छा है, लेकिन एक बार पॉजिटिव होना भी हानिकारक तो है ही। इसलिए बचाव में किसी भी तरह लापरवाही नहीं करनी चाहिए। जरूरी काम के बिना घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। जरूरी काम के लिए घर से निकलें फेस मास्क लगाकर ही निकलना चाहिए। इसके अलावा व्यक्ति से व्यक्ति के बीच की दूरी कम से कम दो गज होनी ही चाहिए। घर में रहते हुए भी हर घंटे बाद साबुन लगाकर अच्छी तरह हाथ धोने चाहिए। घर से बाहर निकलने पर हाथ धोने की सुविधा नहीं मिल पाए तो कारगर हैंड सैनिटाइजर साथ रखना चाहिए और इसका इस्तेमाल करते रहना चाहिए।