झज्जर। जिले के कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रविवार को 6 विद्यार्थियों, 14 महिलाओं व दो शिक्षकों सहित 39 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं कोरोना संक्रमण के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर रविवार को 139 हो गई है। पिछले चार दिन की बात की जाए तो जिले में 28 महिलाएं, 28 विद्यार्थी व सात शिक्षक कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिला में 16 जनवरी के बाद कोरोना से मौत के आंकड़ों पर पूरी तरह से ब्रेक लगा हुआ है। जिले में फिलहाल तक 102 लोगों की मौत हो चुकी है।
उधर, कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से किए जा रहे प्रयास कम दिखाई दे रहे हैं। कोरोना संक्रमण बढ़ने का प्रमुख कारण लोगों द्वारा बरती जा रही लापरवाही है। बाजारों में लोग बिना मास्क और सामाजिक दूरी के नजर आ रहे हैं। मार्च के तीसरे सप्ताह से जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ने लगा था। विभाग की तरफ से केवल अन्य गंभीर बीमारी वाले लोगों को ही अस्पतालों में भर्ती किया जा रहा है। बाकी को घरों पर ही इलाज दिया जा रहा है। जिले में 20 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जबकि 119 लोगों को उनके घरों पर ही इलाज दिया जा रहा है।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को 12 लोग ठीक भी हुए हैं। जबकि कोरोना संक्रमितों के आंकड़ेे में इजाफा होकर 6158 पहुंच गया है। इन लोगों में से अब तक 5917 लोग ठीक हो चुके हैं। जनवरी में कोरोना संक्रमण के मामले काफी कम हो गए थे। मार्च के तीसरे सप्ताह में एक बार फिर से कोरोना संक्रमण बढ़ने लगा था। हालांकि अप्रैल में तो कोरोना ने बड़ी तेजी से पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। कोरोना संक्रमित महिलाएं व विद्यार्थी सबसे अधिक संक्रमित मिलने से मामला चिंताजनक बनता जा रहा है।
लोग नहीं कर रहे नियमों का पालन
विभाग की तरफ से सलाह जारी करने के बाद भी लोग पूरी तरह से लापरवाही बरत रहे हैं। अधिकांश लोग न तो मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं और सोशल डिस्टेंस की तो जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। विभाग की तरफ से कोरोना से बचाव के लिए बार-बार हाथ धोने व सैनिटाइजर का प्रयोग करने के लिए भी कहा गया है। लेकिन इनका पालन भी लोग नहीं कर रहे हैं।
541 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिले में रविवार की शाम तक 343900 लोगों के सैंपल प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से 337101 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। जबकि 541 लोगों की रिपोर्ट अभी भी आनी बाकी है। जिले में रिकवरी रेट निरंतर कम हो रहा है। रविवार की शाम को ठीक होने वाले मरीजों की दर 96.87 प्रतिशत पहुंच गई थी। स्वास्थ्य विभाग की टीमों की तरफ से निरंतर रूप से सैपलिंग का कार्य किया जा रहा है।
वर्जन
जिले के लोगों से आह्वान किया जा रहा है कि वे कोरोना को हल्के में लेने की गलती न करें। विभाग की तरफ से बार-बार उन्हें आगाह किया जा रहा है कि विभाग की तरफ से निर्धारित किए गए नियमों का पालन करें। कोरोना संक्रमण के मरीज निरंतर बढ़ रहे हैं। संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिए आम जन सहयोग करें।
- डॉ. संजय दहिया, सीएमओ, झज्जर।