अपराध जांच शाखा की टीम की गिरफ्त में आरोपी।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। अपराध जांच शाखा वन की टीम ने थाना लाइनपार क्षेत्र से अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने छीनाझपटी की 11 वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी की पहचान गांव चुलकाना, पानीपत निवासी रिंकू के रूप में हुई है। आजकल वह रेलवे रोड बहादुरगढ़ में रहता है।
अपराध जांच शाखा वन के बहादुरगढ़ प्रभारी एवं निरीक्षक रवींद्र कुमार ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि थाना लाइनपार में उनकी एक टीम सहायक उप-निरीक्षक तेन सिंह के नेतृत्व में तैनात थी। संदेह के आधार पर टीम ने एक युवक को काबू किया। उसकी मौके पर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से एक कट्टा बरामद हुआ। रवींद्र कुमार ने बताया कि आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में छीनाझपटी की 11 वारदात का खुलासा किया है। इनमें 5 दिसंबर 2020 में अपने साथियों के साथ मिलकर खेड़ी दौला क्षेत्र में एक पिकअप गाड़ी के आगे स्विफ्ट कार अड़ाकर 35 हजार रुपये छीनने की वारदात को भी कुबूल किया है। इसी दिन आरोपी ने विकासपुर में एक कबाड़ी की दुकान में रखे गल्ले से 70 हजार रुपये निकाल लिए। उन्होंने 20 नवंबर 2020 को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के सामने गाड़ी अड़ा कर ट्रैक्टर पर सवार दो व्यक्तियों से 1 लाख 60 हजार रुपये छीन लिए थे। आरोपी ने करीब 20 दिन पहले अपने एक साथी के साथ मिलकर मुरथल फ्लाईओवर से समालखा की तरफ जा रहे एक ट्रक चालक को पिस्तौल दिखाकर आठ हजार रुपये छीन लिए थे। आरोपी ने दो-तीन माह पहले अपने साथी के साथ अग्रोहा से तूड़ा बेचकर आ रहे ट्रैक्टर चालक से 16 हजार रुपये छीने थे। यही नहीं करीब दो माह पहले साथियों के साथ मिलकर जींद से हिसार रोड की तरफ एक राहगीर से पिस्तौल दिखाकर करीब 2500 रुपये छीने थे। दो-तीन माह पहले हिसार से सिरसा रोड की तरफ अलग-अलग राहगीरों से पिस्तौल दिखाकर करीब 55 हजार रुपये छीन थेे। करीब चार-पांच माह पहले आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर गुरुग्राम से जयपुर हाईवे पर अलग-अलग राहगीरों से पिस्तौल दिखाकर करीब 70 हजार रुपये छीन लिए थे। करीब 6 माह पहले दो साथियों के साथ मिलकर बिलासपुर रोड पर एक राहगीर को पिस्तौल दिखाकर सात हजार रुपये छीने थे। करीब 6 माह पहले आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गुरुग्राम व बसई के बीच एक राहगीर से पिस्तौल दिखाकर सात हजार रुपये छीनने की वारदात को अंजाम दिया था।