संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और दीपेंद्र सिंह हुड्डा की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस ने प्रदर्शन कर उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम डीडीपीओ को ज्ञापन सौंपा।
एचपीसीसी के सदस्य सुभाष गुर्जर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र दारोगा ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में छात्रों की शांतिपूर्ण आवाज को बलपूर्वक दबाना संविधान की भावना के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर किया गया लाठीचार्ज न केवल अमानवीय था, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों का भी हनन है। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए इसे विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे नेताओं और छात्रों के साथ इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
जिला कांग्रेस ने राष्ट्रपति से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा की मांग दोहराई। इस अवसर पर वीरेंद्र कौशिक, रमेश जाखड़, दिलबाग सिंह, धर्मेंद्र सैनी, राजवीर दहिया, संतराम नंबरदार, बिजेंद्र कुमार, जितेंद्र और राजवीर मौजूद रहे।
चुनिंदा कार्यकर्ता ही आए नजर, जिलाध्यक्ष भी नहीं दिखे
कांग्रेस के प्रदर्शन में केवल चुनिंदा वरिष्ठ कार्यकर्ता ही नजर आए। प्रदर्शन में न तो जिलाध्यक्ष शामिल हुए और न ही कोई विधायक या युवा कार्यकर्ता दिखाई दिया।