बहादुरगढ़। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर शहर में दिल्ली-रोहतक रोड स्थित विधायक कार्यालय में बैठक की और राहुल गांधी पर कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया।
बैठक में कार्यकर्ताओं को पंचायत समिति के पूर्व चेयरमैन तेजवीर दलाल ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार तानाशाही रवैया अपनाकर लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन कर रही है। इसे कांग्रेस पार्टी सहन नहीं करेगी। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ नेता राहुल गांधी जब लोकसभा में महंगाई खत्म करने, बेरोजगारी दूर करने पर व आमजन के हितों से जुड़े सवाल करने के अलावा आमजन की संपत्ति डकार रहे अदानी को लेकर प्रधानमंत्री से सवाल करते हैं तो माइक बंद करके उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जाती है। जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। राहुल की लोकसभा सदस्यता रद्द करने की उन्होंने निंदा की।
बैठक में पूर्व चेयरमैन आजाद राठी ने कहा कि जनता वोट की ताकत से सांसद के रूप में अपना प्रतिनिधि चुनकर भेजती हैं और जब लोकसभा में ही जनता के नुमाइंदों की आवाज को दबाने कोशिश की जाए तो सत्ताधारी सरकार की इससे बड़ी तानाशाही और क्या होगी। कांग्रेस नेता पंडित राज पहलवान, पार्षद बलराम दलाल, दयाचंद रंगा, ओमप्रकाश आसोदिया, राजेश खत्री, धर्मबीर भगत, संजय पहलवान, नारायण बराही, गजानंद गर्ग, बबला जून व जिला परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन कृष्ण पहलवान भी बैठक में शामिल हुए।