झज्जर। हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल्ज संघ की प्रदेश स्तरीय हड़ताल छठें दिन भी जारी रही। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने कल भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओपी धनखड़ के कार्यालय के बाहर धरना देने की घोषणा की।
जिला सचिव राकेश आर्य ने बताया कि डीआईटीएस के कर्मचारियों ने अपने जीवन के बहुमूल्य 15 से 20 वर्ष सरकार की सेवाओं को आनलाइन करने व आमजन को इन सेवाओं की सुविधा देने के लिए समर्पित कर दिए। इसके बावजूद सरकार ने इन कर्मचारियों की मांगो की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। 2014 में कांग्रेस की हुड्डा सरकार द्वारा इनको पक्का करने का वादा किया गया। 2019 में भारतीय जनता पार्टी की मनोहर लाल सरकार ने इनके सेवा नियम लागू करने के लिए घोषणा कर दी गई, लेकिन सभी वादे झूठे निकले। आज भी यह कर्मचारी अपने हितों के लिए संघर्षरत हैं। 18 जुलाई को करनाल में हरियाणा सरकार के विरुद्ध एक बडसा प्रदर्शन किया गया, जिसके बाद हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इनको उसी समय मिलने का समय दिया गया व भरोसा दिलाया कि आपकी मांगे जायज है।
उन्होंने मांगो का समाधान जल्द करने का आश्वासन दिया। इसके बाद 19 जुलाई को हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल्ज संघ को राजेश खुल्लर प्रधान सचिव मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार से वार्ता के लिए बुलाया गया। कुछ मांगो को लेकर सरकार से सहमति बनी, लेकिन लिखित रूप में कोई आश्वासन नहीं दिया गया। इसके चलते प्रदेश कमेटी ने निर्णय लिया कि जब तक सरकार लिखित में कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं करती है, तब तक प्रदेशभर में धरना जारी रहेगा।
सरकार को हमने पहले ही चेताया था कि आप समय रहते वर्षों से लंबित मांगों का समाधान करें नहीं तो यह कर्मचारी आंदोलन के लिए सड़कों पर होगा। आमजन को हो रही परेशानी के लिए हरियाणा सरकार जिम्मेवार होगी, लेकिन हरियाणा सरकार ने उनके हितों को लेकर कोई पत्र जारी नहीं किया। इसलिए उनकी हरियाणा सरकार से अपील है कि जल्द से जल्द डीआईटीएस के कर्मचारियों की मांगों को पूर्ण करते हुए नोटिफिकेशन जारी करे ताकि यह कर्मचारी आमजन की सेवा के लिए काम पर लौट आए। यदि सरकार समय रहते इन कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो प्रदेश कमेटी द्वारा दिए कार्यक्रम अनुसार झज्जर जिले का कम्प्यूटर प्रोफेशनल्ज 22 जुलाई को लघु सचिवालय झज्जर के पार्क में सुबह 9 बजे एकत्रित होकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ के कार्यालय पर धरना देगा।
लोगों को हो रही परेशानी के लिए खेद जताया
झज्जर। जिला अध्यक्ष संदीप राठी ने कहा कि कंप्यूटर प्रोफेशनल्ज के हड़ताल पर जाने से आमजन को होने वाली परेशानी के लिए खेद है, लेकिन यह उनके 20 सालों से हो रहे शोषण की लड़ाई है इसलिए जनता उन्हें सहयोग दें।