दो दिन तक जबरदस्त हिंसा के बाद मंगलवार को शहर शांत दिखा तो कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ शहर के हालात का जायजा लेने पहुंचे।
चुपचाप माहौल का जायजा लिया, डीसी व एसपी से मुलाकात की और फिर पीड़ितों का हाल जाने बिना ही निकल गए।
जानकारी मिलने व्यापारी भी अपनी समस्या बताने पहुंचे, लेकिन तब मंत्री जा चुके थे और उन्होंने डीसी को समस्याएं बताई।
जानकारी के अनुसार कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ मंगलवार सुुबह शहर में पहुंचे। यहां उन्होंने एक भवन पर खड़ा होकर उपद्रवियों द्वारा जलाए गए बिजली निगम के कार्यालय का अवलोकन किया।
हिंसा ग्रस्त अन्य स्थानों का भी मुआयना किया। बाद में उन्होंने लघु सचिवालय पहुंच कर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों की बैठक लेकर हालातों पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि जिनका नुकसान हुआ है उसका जल्दी आंकलन कर आर्थिक मदद दी जाएगी। धनखड़ ने कहा कि उपद्रव में जिन निर्दोषों की जान गई है, उनके परिवारों को दस लाख की आर्थिक सहायता के अलावा परिवार के एक सदस्य को नौकरी मिलेगी। उन्होंने प्रदेश के लोगों से शांति बनाएं और भाईचारा कायम रखने की अपील की।