क्षेत्र में रविवार को चली शीत लहर ने कंपकंपी बढ़ा दी। क्षेत्र में पारा भी अब गिर कर 7.5 पर आ गया है। दिनोदिन बढ़ती सर्दी का असम अब आम जन जीवन पर भी पड़ने लगा है।
रविवार को अवकाश था और धूप खिली होने के बावजूद आमजन घरों में ही दुबके रहे। सुबह सायं के वक्त सर्दी से बचने के लिए अब लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
घरों से बाहर भी लोग सर्दी से बचाव के प्रबंध कर ही निकलते हैं। क्षेत्र में रविवार को अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री रहा। यह एक दिन पहले की तुलना में कम है।
रविवार को तापमान में नमी की मात्रा जहां 60 प्रतिशत रही वहीं हवा की रफ्तार 8 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज हुई। हवा चलने की वजह से सर्दी का भी असर दिखी। ठंडी हवा आमजन के शरीर में किसी नस्तर की तरह चुभ रही थी।
खिली धूप में भी लोगों को हवा की ओट लेकर बैठना पड़ा। अब सर्दी बढ़ने के साथ ही आमजन भी गर्म वस्त्रों से लिपटे दिखने लगे हैं।
लोगों के लिए राहत की बात है कि कोहरा कुछ कम पड़ रहा है। किसान बढ़ती सर्दी को गेहूं की फसल के लिए अच्छा मान रहे हैं।