बहादुरगढ़ में रविवार को दोपहर के समय छाया रहा धुआं।
झज्जर / बहादुरगढ़। जिले में रविवार को पूरा दिन आसमान में बादलवाही छाई रही। पूरा दिन धूप नहीं निकली। हालांकि शीतलहर भी चलती रही। शाम होते ही हल्का कोहरा व प्रदूषण का परत साफ देखी गई। अधिकतम तापमान 22.0 और न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री दर्ज किया गया। झज्जा में रविवार शाम लगभग पांच बजे हल्की बूंदाबांदी हुई।
जनवरी का महीना प्रदूषण भरा रहा है। रविवार को भी दिन भर क्षेत्र में धुंध और धुआं छाया रहा। इसकी वजह से दृश्यता कम रही और लोगों को घरों से बाहर निकलते समय काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार जनवरी में बहादुरगढ़ की हवा का स्तर खराब ही रहेगा। रविवार को एक्यूआई ऑरेंज कलर में 256 दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को यह 282 पर पहुंचा था। माह के बचे तीन दिनों में भी बहादुरगढ़ वासियों को प्रदूषण से राहत मिलने वाली नहीं है।
जनवरी में बहादुरगढ़ वासियों को ठंड और प्रदूषण ने परेशान किया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने 31 जनवरी तक प्रदूषण का स्तर बेहद खराब श्रेणी में रहने की संभावना जताई है। अगले छह दिनों में ये बेहद खराब से खराब स्तर पर रह सकता है। लोगों को खराब हवा में ही सांस लेना पड़ेगा। जनवरी के बाकी बचे दिनों में भी प्रदूषण का स्तर बेहद खराब ही बना रहेगा। प्रदूषण खराब रहने की वजह से सांस, डायबिटीज व हार्ट के मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सकों ने खराब मौसम में इन बीमारियों के मरीजों से सुबह के समय टहलने के लिए मना किया है। रविवार को धूप निकली तो लगा कि प्रदूषण का स्तर भी कम होगा। फिलहाल हवा की गति भी काफी धीमी है। रविवार को 4 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चली, लेकिन इसका प्रदूषण पर कोई असर नहीं पड़ा। बल्कि सुबह के समय एक्यूआई 246 पर था और शाम होते-होते यह 256 पर पहुंच गया। स्थिति सुधरने के बजाय बिगड़ गई।