रविवार को दिन भर बादलों के बीच छिपे रहे सूर्य।
बहादुरगढ़। एक दिन पहले शनिवार को सूर्य देव ने सर्दी से काफी राहत दी तो दूसरे दिन रविवार को फिर से सूर्य बादलों में दिनभर दुबके रहे। इससे लोगों को ठंड का अहसास हुआ। हालांकि तापमान भी ऊपर की ओर बढ़ा, लेकिन सर्दी से राहत नहीं मिली। बहादुरगढ़ में रविवार को अधिकतम तापमान 21 जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। शनिवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम 22 पर था। मौसम विभाग ने 31 जनवरी से मौसम करवट लेने की संभावना जताई है। साथ ही दो दिनों तक बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके बाद सर्दी का एक और झोंका आएगा और तापमान में कमी आएगी। मौसम विभाग ने 29 व 30 जनवरी को भी आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना जताई है। हालांकि तापमान में बढ़ोतरी की बात कही है। इसके बाद 31 जनवरी को मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेंगे। संवाद