फोटो-55: बहादुरगढ़ के सेक्टर नौ बाईपास के पास कूड़े का उठान करती जेसीबी। स्रोत नगर परिषद
बहादुरगढ़। शहर में सफाई कर्मचारियों की 14 दिन तक चली हड़ताल के बाद अब शहर की सफाई व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। परिषद की ओर से लगातार विशेष अभियान चलाकर सड़कों, बाजारों और कॉलोनियों में जमा कूड़े को उठाने का कार्य किया जा रहा है। अब तक 1200 टन कूड़े का उठान किया जा चुका है जबकि अभी लगभग 800 टन कूड़ा उठाया जाना बाकी है।
हड़ताल के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। मुख्य बाजारों, कॉलोनियों और गलियों में कूड़े के ढेर लग गए थे जिससे लोगों को बदबू और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर नालियां भी जाम हो गई थीं। हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर परिषद ने अतिरिक्त कर्मचारियों और संसाधनों के साथ सफाई अभियान तेज किया है।
नगर परिषद के सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा का कहना है कि प्राथमिकता के आधार पर मुख्य सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई करवाई जा रही है। इसके बाद कॉलोनियों और अंदरूनी क्षेत्रों में सफाई कार्य कराया जा रहा है। हालांकि अभी सभी कॉलोनियों में सफाई कार्य पूरी तरह पूरा नहीं हो पाया है।
उन्होंने दावा किया है कि अगले कुछ दिनों में शेष कूड़े का भी उठान कर शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।