फोटो 21 : सब्जी से जब्त की गई प्लास्टिक व डिस्पोजल।
- फोटो : Bahadurgarh
शहर में पॉलिथीन और प्लास्टिक डिस्पोजल के सामान की बिक्री पर नगर परिषद ने वीरवार को कार्रवाई की है। नगर परिषद के अधिकारियों ने पुलिस के साथ मिलकर शहर की सब्जी मंडी में छह विक्रेताओं के यहां छापेमारी कर दो क्विंटल से ज्यादा की प्लास्टिक और डिस्पोजल सहित अन्य सामान को जब्त करने की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई नगर परिषद के अधिकारियों ने प्रदूषण बोर्ड के साथ मिलकर की है। उक्त कार्रवाई में 10 से 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। वहीं मंडी में सभी विक्रेताओं पर 1.25 लाख रुपये का जुर्माना भी किया गया है। नगर परिषद की ओर की गई कार्रवाई पर विक्रेताओं ने विरोध भी जताना चाहा लेकिन मौके पर भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल को देखकर उनके हौसले पस्त हो गए। कार्रवाई को लेकर अधिकारियों ने बताया कि एनजीटी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। बता दें कि जनवरी माह में ईपीसीए के चेयरमैन भूरेलाल ने भी पॉलिथीन का प्रयोग करने वालों के चालान करने के निर्देश दिए थे। अब एनजीटी भी पॉलीथिन के प्रयोग को लेकर सख्त हो गई है। एनजीटी ने नप को निर्देश दिए थे कि वह पालीथिन का प्रयोग करने वालों पर कार्रवाई करे। इसी सिलसिले में नप के कार्यकारी अधिकारी डॉ. विजयपाल यादव, सचिव मुकेश कुमार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ शशि भूषण, नप के सीएसआई बलबीर सिंह, एसआइ सुनील और कंसलटेंट राजेश मलिक के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ मिलकर एक टीम ने वीरवार दोपहर बाद शहर की सब्जी मंडी में छापामार कार्रवाई की। यहां पर सबसे पहले बालाजी डिस्पोजल व बंसल डिस्पोजल स्टोर पर छापामार कर यहां से भारी मात्रा में प्लास्टिक की थैली व प्लास्टिक का बैन हुआ अन्य सामान जब्त कर लिया। इन दोनों के 25-25 हजार रुपये के चालान भी कर दिए। इसके बाद अीम ने गुरु कृपा, पारस, दक्ष डिस्पोजल स्टोर व संजय प्लास्टिक स्टोर पर भी छापा मारकर यहां से भारी मात्रा में सामान जब्त कर लिया तथा पारस किरयाणा स्टोर को 10 हजार रुपये तथा अन्य दुकानदारों के चालान काटकर उन पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना किया है।
................
पॉलिथीन व प्लास्टिक से तैयार कई तरह के सामान पर सरकार ने रोक लगा रखी है। मगर दुकानदार बार-बार चेतावनी देने के बाद भी इसकी बिक्री कर रहे हैं। एनजीटी इसके बिल्कुल खिलाफ है और सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। एनजीटी के आदेशों की पालना करते हुए वीरवार को सब्जी मंडी में छह थोक विक्रेताओं के यहां छापेमारी कर करीब दो क्विंटल प्लास्टिक का बैन सामान जब्त किया है। एक पर 10 तो अन्य दुकानदारों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। भविष्य में भी इस तरह के चालान किए जाते रहेंगे।
डॉ. विजयपाल यादव, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, बहादुरगढ़।