सरदार वल्लभ भाई पटेल की 144वीं जयंती के अवसर पर शहर के जहांआरा बाग स्टेडियम परिसर से रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ। युवा शक्ति के साथ ही शहरवासियों को उपायुक्त संजय जून ने वीरवार की सुबह राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई। उपायुक्त ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा की रक्षा करने के लिए हमें स्वयं को समर्पित कर देना चाहिए और इस संदेश को देशवासियों तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका अदा करनी चाहिए। उपायुक्त संजय जून ने युवाओं को बताया कि आजादी के बाद भारत के प्रथम गृह मंत्री के रूप में सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 562 छोटी-बड़ी रियासतों का भारतीय संघ में विलय करवाकर अखंड भारत और राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी थी। दुनिया के इतिहास में यह पहला अवसर था जब बिना किसी रक्तपात के रियासतों का विलय करवाया गया हो। इस लौह पुरुष को युगों-युगों तक याद रखने के लिए गुजरात के नर्मदा जिले में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी नाम से उनका स्मारक बनाया गया है। यह स्मारक विश्व के 8वें अजूबे के रूप में सदियों तक मानवता को मार्गदर्शन देगा।
ये रहा रूट चार्ट
रन फॉर यूनिटी के तहत उपायुक्त संजय जून ने प्रतिभागियों को जहांआरा बाग स्टेडियम से ही झंडी दिखाकर रवाना किया। यहां से शुरू होकर एकता दौड़ नागरिक अस्पताल रोड, पुराना तहसील परिसर रोड से होते हुए बर्फखाना रोड से होते हुए शहीद रविंद्र छिक्कारा चौक से वापस जहांआरा बाग स्टेडियम में पहुंची। इस अवसर पर एसडीएम झज्जर शिखा, एसडीएम बादली विशाल कुमार, डीएसपी रणबीर सिंह, डीएसपी शमशेर सिंह, डीईओ मदनलाल चोपड़ा व तहसीलदार मुख्तियार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण व कर्मचारी सहित झज्जर क्षेत्र की युवा शक्ति मौजूद रही।