दिल्ली-रोहतक रोड (नेशनल हाईवे 9) पर अवैध रूप से लग रहे होर्डिंग्स व पोल के मामले में बहादुरगढ़ एसडीएम ने टोल अधिकारियों को फटकार लगाई। एसडीएम ने टोल अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि जो भी पोल लगे हैं उनकी लिस्ट तैयार कर उन्हें सौंपे ताकि उन पर एफआईआर दर्ज करवाई जा सके। हालांकि टोल अधिकारियों ने पोल के मालिकों की लिस्ट बनानी शुरू कर दी है, लेकिन यह लिस्ट कब पूरी होगी और कितने दिन में एसडीएम के पास पहुंचेंगी यह वक्त ही बताएगा।
दिल्ली-रोहतक हाईवे के किनारे अवैध रूप से लगे होर्डिंग्स और बैनरों पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने अधिकारियों के फटकार तो लगाई है लेकिन उसका खास असर देखने को नहीं मिला। टोल अधिकारियों ने नेशनल हाईवे के किनारे लगे अवैध होर्डिंग्स को हटाने का काम तो शुरू कर दिया, लेकिन उसके पोल को वहीं पर छोड़ दिया, ताकि पोल पर कुछ दिन बाद फिर से बैनर लग जाए और अवैध होर्डिंग्स लगाने का काम शुरू हो जाए।
दो हजार रुपये महीना देते हैं खेत में पोल लगाने वाले
रोहद टोल प्रशासन टीम जिस समय होर्डिंग्स-बैनर हटाने का काम झज्जर फ्लाईओवर के पास कर रही थी, उसी दौरान एक व्यक्ति ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि जिन लोगों की जमीन पर यह पोल लगाए गए हैं उन्हें एक हजार से दो हजार रुपये महीने का किराया भी दिया जाता है। खेत मालिकों को यह किराया पोल लगाने वाले देते हैं। पोल लगने के बाद उस पर महीने के हिसाब से विज्ञापन करने का पैसा भी लिया जाता है। नया गांव चौक के पास मिले रमेश ने यह भी आरोप लगाया नेशनल हाईवे पर पोल लगाने का गोरखधंधा टोल के शीर्ष अधिकारियों की देखरेख में चलता है। इससे वह पोल लगाने वाले पर कार्रवाई के नाम पर केवल दिखावा ही करते हैं।
रेहड़ी वाले के सामान किए जब्त
रोहद टोल प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते समय सेक्टर 9 बाईपास के किनारे रेहड़ी लगाने वालों के कुछ सामान को भी जब्त किया है। रेहड़ी संचालकों को हिदायत देते हुए टीम ने कहा कि नेशनल हाईवे के किनारे रेहड़ी लगाई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं छोले कुच्चे व कचौड़ी लगाने वाले की मेज कुर्सी भी जब्त कर ली है।
नेशनल हाईवे पर जो भी अवैध रूप से रेहड़ी, होर्डिंग्स, बैनर और पोल लगाए गए हैं उन्हें तुरंत ही नेशनल हाईवे की जमीन से हटाने के आदेश दिए गए हैं। उन्हीं आदेशों के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। जिनके भी पोल, होर्डिंग्स और बैनर नेशनल हाईवे की जमीन पर लगे हैं उनकी लिस्ट तैयार करके एसडीएम साहब को सौंप दी जाएगी।
इंग्लेश शर्मा, सीआरओ रोहद टोल।
नेशनल हाईवे पर जिस तरह अवैध होर्डिंग्स और बैनर लगाने का काम चल रहा है, उसके लिए टोल अधिकारियों को बुलाकर फटकार लगाई गई है। जिन लोगों के होर्डिंग्स, बैनर और पोल नेशनल हाईवे की जमीन पर लगे हैं उनकी लिस्ट मांगी गई है। लिस्ट मिलते ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। नेशनल हाईवे की जमीन पर किसी भी तरह का कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।
तरुण पावरिया, एसडीएम बहादुरगढ़।