राहगीरी: मिल के रहो, खुल के जियो इवेंट में रविवार की सुबह बहादुरगढ़ की जनता ने उम्दा भागीदारी निभाई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों व खेल गतिविधियों के साथ ही रविवार की राहगीरी सूर्य कवि पंडित लख्मीचंद जयंती थीम पर केंद्रित रही। बहादुरगढ़ शहर में रेलवे रोड पर राहगीरी का आयोजन हुआ। इसमें बहादुरगढ़ की जनता ने पूरे उत्साह के साथ सामाजिक सहभागिता का परिचय दिया।
एसडीएम बहादुरगढ़ तरुण कुमार, डीएसपी झज्जर शमशेर सिंह और डीएसपी बहादुरगढ़ अजायब सिंह ने पुलिस प्रशासन की ओर से प्रतिभागी टीमों का उत्साहवर्धन किया। राहगीरी में जनसमूह से रूबरू होते हुए डीएसपी अजायब सिंह ने कहा कि राहगीरी कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य लोगों में सामाजिक सहभागिता के साथ जीवन में तनावमुक्त होकर नए लक्ष्य की प्राप्ति की ओर अग्रसर होना है। उन्होंने कहा कि राहगीरी के माध्यम से लोगों को सार्थक संदेश पहुंचाने के लिए महान विभूतियों की जयंती व अन्य विशेष दिवस के उपलक्ष्य में लोगों से विचार साझा किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राहगीरी सूर्य कवि पंडित लख्मीचंद की जयंती थीम के साथ मनाई जा रही है। बहादुरगढ़ शहर के हर आयु वर्ग के लोगों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में प्रतिभागिता दर्ज कराते हुए राहगीरी का आनंद लिया। कबड्डी, मुक्केबाजी, जूडो, रस्साकशी, बैडमिंटन, कैरमबोर्ड खेलों में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हर आमजन मानस ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों के साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी वर्कर्स ने सांस्कृतिक मंच से अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान सुधीर भारद्वाज ने मंच संचालन करके अपनी बेहतरीन प्रस्तुति देते हुए शहरवासियों को खूब गुदगुदाया। वहीं लोक कलाकार बिजेन्द्र पेलपा तथा विरेंद्र कौशिक ने भी काव्य रचना से आम जनता का अभिवादन किया। कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा मंच से गीत गाते हुए युवाओं को उनकी संस्कृति से अवगत कराया। राहगीरी कार्यक्रम में हर आयु वर्ग के लोगों ने सांस्कृतिक व सामाजिक संदेश के द्योतक राहगीरी में खूब आनंद लिया। राहगीरी में प्रशासनिक अधिकारियों सहित बहादुरगढ़ सिटी एसएचओ बिजेन्द्र सिंह, सदर एसएचओ सुनील कुमार, लाइनपार एसएचओ देवेंद्र कुमार, आसौदा एसएचओ फूल कुमार, सेक्टर 6 एसएचओ मनोज कुमार, एसपीसी प्रभारी सतीश कुमार, पुलिस प्रवक्ता चमनलाल, पीए प्रदीप कुमार, आरएसओ शिवकुमार, इंदर नाथ, सतीश सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।