बहादुरगढ़। क्रिसमस का त्योहार नजदीक आते ही लोग तैयारियों में जुट गए हैं। घर के लिए सजावटी सामान और गिफ्ट की खरीदारी की जा रही है। बाजार में क्रिसमस के लिए खास तरह के केक आए हैं। इनमें प्लम और फ्रूट कॉकटेल केक ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं।
क्रिसमस के दिन ईसाई समाज के लोग केक का आदान-प्रदान कर मुंह मीठा कराते हैं। वहीं क्रिसमस के लिए बाजार भी पूरी तरह सज गए हैं। सेंटा की ड्रेस की खरीदारी हो रही है। रेलवे रोड, मेन बाजार में कई दुकानों के बाहर क्रिसमस ट्री भी सजे हुए हैं। शहर के दिल्ली-रोहतक रोड, रेलवे रोड समेत प्रमुख बाजारों में रशियन, इटेलियन, ड्राई फ्रूट केक भी पसंद किए जा रहे हैं। बेकरी संचालक राहुल कुमार व महेश ने बताया कि क्रिसमस पर सबसे ज्यादा रम प्लम केक की खास मांग है। इस केक का ऑर्डर लोग एक महीना पहले ही दे चुके थे। वहीं आज भी कीकर की पुरानी लकड़ी की आग में सेंककर केक तैयार किए जाते हैं। लकड़ी के धुएं के कारण इसमें स्मोकी फ्लेवर आ जाता है। बाजार में दुकानों पर सजी सेंटा की ड्रेस की कीमत भी पिछली बार की अपेक्षा इस बार बढ़ गई है। ड्रेस की कीमत 150 रुपये से शुरू होकर एक हजार रुपये तक है।
केक बनाने के लिए बड़ी इलायची, अदरक, लौंक, काजू, किशकिश, अंगूर, मैदा, चीनी, आटा, सूजी, बटर आदि का प्रयोग किया जाता है।
ये हैं केक के दाम
प्लम केक : 360 रुपये किलो
रिच केक : 700 रुपये किलो
फ्रूट कॉकटेल केक : 750 रुपये किलो
वॉलनेट केक : 750 रुपये किलो
फ्रूट केक : 280 रुपये किलो
-फोटो 55 : दुकान में रखे केक। संवाद