-फोटो 52 : गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था के लिए बच्चों द्वारा बनाए गए
बहादुरगढ़। प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए पक्षियों का अस्तित्व बेहद जरूरी है। इस बात की महत्ता दिखाने और बच्चों को पक्षी रक्षक बनने की खातिर प्रेरित करने के लिए भारत विकास परिषद के सहयोग से शहर के राणा प्रताप स्कूल में बाल संस्कार शिविर आयोजित किया गया। इसमें बच्चों ने अपने हाथों से पक्षी रक्षक घर तैयार किए। स्कूल प्राध्यापिका सुनीता पंवार ने बताया कि बच्चों ने गत्ते और प्लाई की लकड़ी से पक्षियों की रक्षा के लिए घर तैयार किए हैं। तैयार किए गए घरों को पार्कों में जाकर पेड़ों पर लटकाया जाएगा।
स्कूल मैनेजर आनंद कुमार ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे छुटिटयों के दौरान पार्कों व अन्य स्थानों पर जाकर पक्षियों के लिए सकोरे भी लगाएं ताकि पक्षियों को पीने का पानी आसानी से उपलब्ध हो सके। भारत विकास परिषद के जिला समन्वयक सतीश शर्मा ने कहा कि गर्मी के मौसम में पक्षियोंं को दाना-पानी देना न सिर्फ मानवता का काम है बल्कि यह पर्यावरण और प्राकृतिक संतुलन के लिए भी जरूरी है। दीपक पंवार ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए अपने घरों व सार्वजनिक स्थानों पर जल पात्र अवश्य रखें। बाल संस्कार शिविर में बच्चों ने मॉडल बनाकर पर्यावरण के संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश भी दिया। मौके पर पार्षद प्रवीण कुमार, नीलम रानी, निशा शर्मा, सीमा राठी, खुशबू, रोशनलाल सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।