सांपला और रोहद के बीच मानव रहित फाटक पर लुधियाना-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस से एक कंटेनर की टक्कर हो गई। कंटेनर के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे से रोहतक-दिल्ली रेलवे ट्रैक थम गया। रात 12 बजे तक शताब्दी को नहीं चलाया जा सका और ट्रेन मौके पर ही खड़ी रही।
लुधियाना से दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय पर करीब 9 बजे के आसपास सांपला रेलवे स्टेशन से बहादुरगढ़ की ओर निकली। सांपला और रोहद के बीच मानव रहित क्रासिंग नंबर 37 पर पहुंची तो सांपला से सोनीपत की ओर जा रहे एक लोडेड कंटेनर क्रास करते हुए ट्रेन के इंजन से टकरा गया। टक्कर में कंटेनर कापिछला हिस्सा उड़ गया और उसके पूर्जे ट्रेन के इंजन में जा फंसे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय शताब्दी पूरी स्पीड में थी और कंटेनर भी लोड था। दोनों में जिस तरह की टक्कर हुई है यदि उस समय कंटेनर बीच में होता तो ट्रेन भी पलट सकती थी। बताया जा रहा है कि शताब्दी एक्सप्रेस 9 बजे से लेकर साढ़े 11 बजे तक घटनास्थल पर ही खड़ी हुई थी। ट्रेन के इंजन में कंटेनर के टायरों का जोड़ा और उसके पांच नंबर डिब्बे में कंटेनर के कुछ टुकड़े जा फंसे। रोहतक, दिल्ली और बहादुरगढ़ से रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। जीआरपी थाना बहादुरगढ़ के एसएचओ सुखबीर सिंह के अनुसार ट्रेन को चलाने के लिए रेलवे अधिकारियों की टीम जुटी हुई थी।