केंद्रीय विद्यालय में ठेके पर लगे दो कर्मचारियों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने पुलिस को वसूली को लेकर फोन रिकॉर्डिंग पेश की।
इसमें हर महीने वेतन से 1-1 हजार रुपये की वसूली के आरोप प्राचार्य और ठेकेदार पर हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस चौकी कुलाना प्रभारी उपनिरीक्षक रमेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि ऋषि दास निवासी दुजाना और कमल सिंह निवासी झज्जर ने शिकायत दी थी कि वे दोनो केंद्रीय विद्यालय झज्जर में ठेकेदार के तहत माली और सफाई कर्मचारी हैं।
प्रतिमाह उनके वेतन से एक-एक हजार रुपये ठेकेदार व प्राचार्य पिछले दो वर्षों से ले रहे थे। उन्होंने पैसे देने बंद कर दिए तो ठेकेदार ने दोनों को नौकरी से निकाल दिया।
इस संबंध में जब प्राचार्य से बात की गई तो उन्होंने असमर्थता जताई। उन्होंने प्राचार्य और ठेकेदार से हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी पेश की, जिस पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए थाना झज्जर में मामला दर्ज किया गया।
एसपी सुमित कुमार ने मामले की गहनता से जांच-पड़ताल करने और मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस ने एक आरोपी ठेकेदार सुरेंद्र निवासी कमली रोड हिसार को गुप्त सूचना पर झज्जर से गिरफ्तार किया है। उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। दूसरे आरोपी की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।