बादली। सौंधी गांव की गली में दो भैंसों की लड़ाई दो परिवारों के बीच पहुंच गई। इसमें एक पशुपालक ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ दूसरे पशुपालकों को चोट मारकर घायल कर दिया। बाद में जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने घायल की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सौंधी गांव निवासी मोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिन के समय वह अपनी भैंस को लेकर प्लॉट में जा रहा था तो गली में कुछ भैंस बंधी हुई थी। इसके चलते भैंसों में भगदड़ मच गई। इसी बात को लेकर गली में भैंस बांधने वाले मनबीर ने उसके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। बाद में झगड़ा बढ़ गया और मनबीर ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। मोहित ने बताया कि मनबीर के साथ हिमांशु और साहिल ने मिलकर उसे लाठी मारकर चोटें पहुंचाई। उसे घायल करने के बाद उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मोहित की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।