पंचकूला प्लाट घोटाले में जो भी दोषी होगा उस पर कार्यवाही होगी। वह चाहे पूर्व सीएम हो या अन्य अधिकारी, बच नहीं पाएगा। यह कहना है कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ का।
धनखड़ ने कहा कि मामला बदले की भावना से नहीं, बल्कि कई महीने की जांच-पड़ताल के बाद कायदे कानून से दर्ज हुआ है। हालांकि प्लाट घोटाले में कुछ और लोगों के शामिल होने की संभावना है, जल्द ही उनके नाम भी सामने आ जाएंगे।
बाग जहांआरा स्टेडियम में गीता जयंती समारोह में पहुंचे कृषि मंत्री धनखड़ ने पंचकूला प्लाट घोटाले में पूर्व सीएम हुड्डा पर दर्ज हुई एफआईआर के बारे में कहा कि मामला न तो राजनीति का है और न ही रंजिशन।
यह तो घाटाले का है। सरकार ने पूरी जांच पड़ताल करने के बाद ही एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। मामले की सीबीआई जांच करवाई जा रही है। कृषि मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में जितने भी घोटाले हुए हैं, सबकी जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि देश व प्रदेश में चल रही राजनीति में भी कौरव व पांडव हैं। सरकार अपना काम ठीक से कर रही है, भृष्टाचार मुक्त देश-प्रदेश बनाने के लिए भ्रष्ट लोगों का खात्मा जरूरी है।