घायल को पीजीआई लेकर जाती एंबुलेंस।
- फोटो : Jhjhar
बेरी। बेरी-कलानौर मार्ग पर बिसाहन मोड़ के पास कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल दोनों बाइक सवार युवकों को प्राथमिक उपचार के लिए बेरी के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान अनिल ने दम तोड़ दिया, मनीष का पीजीआई में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार बिसाहन निवासी अनिल पुत्र ओम प्रकाश और मनीष पुत्र राजबीर बाइक पर सवार होकर अपने गांव बिसाहन से बेरी तेल डलवाने के लिए आ रहे थे। जब वह बेरी कलानौर मार्ग पर बिसाहन मोड़ पर पहुंचे तो कलानौर की तरफ से तेज गति से आ रही कार से बाइक टकरा गई, हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और बाइक सवार दोनों युुवक घायल हो गए। पीजीआई रोहतक में रविवार को अनिल के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
कलानौर मार्ग पर बिसाहन मोड़ के पास सड़क हादसे में घायल युवक की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
- रामपाल सिंह, शहर पुलिस चौकी प्रभारी, बेरी।