बहादुरगढ़। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे पर निलौठी गांव के नजदीक एक कैंटर और ट्रक की टक्कर हो गई। इस हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में रखवाकर मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के बयान के बाद पुलिस पोस्टमार्टम और केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू करेगी।
हादसा शुक्रवार की रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। निलौठी के नजदीक हरियाणा नंबर के कैंटर और राजस्थान नंबर के ट्रक में भिड़ंत हो गई। भीषण टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। कैंटर का केबिन बुरी तरह ध्वस्त हो गया और उसके चालक की गंभीर चोट लगने के कारण जान चली गई। सूचना पाकर आसौदा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को नागरिक अस्पताल में रखवाया गया। कैंटर चालक मृतक की पहचान करीब 43 वर्षीय पीर मोहम्मद के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का रहने वाला था। उसके परिजनों को पुलिस ने अवगत करा दिया। हादसे में किस वाहन चालक की गलती रही, ये अभी जांच का विषय है। पुलिस जांच में जुटी है। जांच अधिकारी मंदीप सिंह का कहना है कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। शाम तक उसके परिजन आ जाएंगे, इसके बाद उनके बयान होंगे। बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। रविवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।