बहादुरगढ़। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन ने बुधवार को गांव परनाला में जनसंपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों से 26 अक्तूबर को होने वाली किसान-मजदूर-महिला-छात्र-युवा महापंचायत में भाग लेने की अपील की। अभियान के दौरान महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई। महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि चीनी, प्याज और अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ने से घरेलू बजट बिगड़ गया है।
संगठन के प्रदेश सचिव जयकरण मांडौठी और जिला कमेटी सदस्य रामकिशन ने कहा कि पक्की नौकरियों की व्यवस्था कमजोर होने से युवाओं के सामने रोजगार का संकट बढ़ रहा है। किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, जबकि शिक्षा, इलाज, बिजली और अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि महापंचायत में इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। अभियान में जगदीश राठी, प्रीतम, अशोक, कृष्ण, जयबीर, नरेश, राजेश्वरी, सरोज, माया और बबली सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद