सीमा सुरक्षा बल में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हरियाणा के बहादुरगढ़ के राकेश राठी की दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया। दो दिन पहले वह अवकाश लेकर घर आए थे और ऋषिकेश में पढ़ रही बेटी से मिलने गए थे। वहीं पर यह हादसा हुआ।
उनके निधन की सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ में उनके परिवार और गांव के साथ उनकी बटालियन में भी शोक की लहर दौड़ गई। राकेश की अंतिम यात्रा में 25 बटालियन के जवान और सहायक कमांडेंट प्रकाश सिंह ने अपने जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। राकेश के परिवार को देश की आन बान शान तिरंगा भेंट किया गया।
भारत माता की नारों के साथ गमगीन माहौल में बीएसएफ के इंस्पेक्टर राकेश राठी को अंतिम विदाई दी गई। राकेश राठी 20 जनवरी 1994 को सीमा सुरक्षा बल में ईएसआई मिनिस्ट्रियल के पद पर भर्ती हुए थे और फिलहाल इंस्पेक्टर मिनिस्ट्रियल के पद पर सीमानगर बंगाल में तैनात थे। इंस्पेक्टर राकेश की आकस्मिक मौत से उनके साथी भी बेहद गमगीन है।