क्षेत्र के गांव मांडोठी में बृहस्पतिवार को अर्जुन अवॉर्डी धर्मेंद्र पहलवान के घर हुआ शादी-समारोह बेहद खास रहा। इसमें एक तरफ खेल जगत की कई हस्तियां पहुंचीं तो दूल्हा भी हेलीकॉप्टर से आया।
शुरुआत से लेकर आखिर तक आकर्षण का केंद्र बनी इस शादी में दूल्हे की आवभगत के दौरान ग्रामीण उमड़ पड़े। यह शादी अर्जुन अवॉर्डी धर्मेंद्र पहलवान की भतीजी नीतू की रही।
धर्मेंद्र के बड़े भाई सोनू पहलवान भी हिंद केसरी हैं। इस शादी में कुश्ती जगत की अनेक हस्तियों ने शिरकत कीं और दूल्हा-दुल्हन को शुभकामनाएं दीं। शादी के खास क्षण वे भी रहे, जब दूल्हा शाही सवारी से पहुंचा।
यह सवारी कोई कार या दूसरा वाहन नहीं, बल्कि हेलीकॉप्टर था। वैसे तो हेलीकॉप्टर में दूल्हे के आने की खबर से पहले ही ग्रामीण उमड़े हुए थे, लेकिन जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव के ऊपर आकाश में दिखाई दिया तो मेहमानों की आवभगत के लिए हर किसी ने पलकें बिछा लीं।