बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (बीआरजी) से जुड़े धावक सतपाल रायका ने मंगलवार को हैदराबाद में हुई 50 किलोमीटर विश्व दौड़ चैंपियनशिप में 8वां स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में भारत के अलावा करोटिया, ग्रेट ब्रिटेन, यूएसए, स्पेन, कनाडा, करोसिया, ऑस्ट्रेलिया, कम्बोडिया, ताइवान, जॉर्डन, नार्वे, पोलैंड व जर्मनी आदि देशों के क्वालिफाई कर चुके 108 धावकों ने भाग लिया।
बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप के सतपाल की जीत, देश के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। सतपाल बहादुरगढ़ में बराही फाटक के पास रहते हैं और नांगलोई स्थित एक बैंक में कार्यरत हैं। बीआरजी कार्य समिति के सदस्य दीपक छिल्लर ने बताया कि इससे पहले सतपाल ने 2018 में ताइवान में एशिया और ओशिनियान चैंपियनशिप में भारत के लिए कांस्य पदक हासिल किया था। तब से ही सतपाल विश्व चैंपियनशिप में दौड़ने के प्रयास में थे, लेकिन पारिवारिक प्रतिबद्धताओं के कारण दौड़ नहीं सके। वह 5 साल से अधिक समय से लंबी दूरी की दौड़ से बाहर थे। अब दो महीने पहले ही जब ग्रुप से इस विश्व चैंपियनशिप के बारे में पता चला तो उन्होंने ट्रैक पर लौटने की ठानी।
इतने कम समय में इस चैंपियनशिप में क्वालिफाई करने के लिए वापसी करना कठिन और असंभव था। इसलिए सतपाल ने ओपन कैटेगरी में दौड़ने का फैसला किया और इस चैंपियनशिप के लिए अच्छी ट्रेनिंग शुरू कर दी। वह पिछले दो महीने तक जी-जान से बीआरजी ग्रुप के साथ मेहनत कर रहे थे। सतपाल ने बताया 50 किमी विश्व चैम्पियनशिप (ओपन श्रेणी) में उनका लक्ष्य 4 घंटे से कम समय में 50 किमी दौड़ने का था, लेकिन पैरों में ऐंठन के कारण आखिरी तीन किमी में वह गिर गए, वो चलने में भी असमर्थ थे, लेकिन किसी तरह फिनिश लाइन तक पहुंचने में कामयाब रहे। दीपक छिल्लर ने सतपाल पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप को एशियाई और ओशिनिया चैंपियनशिप के अलावा विश्व चैंपियनशिप तक पहुंचाया।