बिप्लब देब ने कहा कि भाजपा पन्ना प्रमुख की खेती को बकरी नहीं खा सकती। ओलावृष्टि-बारिश भी खराब नहीं कर सकती। बिप्लब देब ने बादली हलके के पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित किया। कहा कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ ने हरियाणा में पन्ना प्रमुखों की संख्या पांच लाख पहुंचाई है।
भाजपा के पन्ना प्रमुख ऐसी खेती है, जिसे ओलावृष्टि और बारिश भी खराब नहीं कर सकती और उसे बकरी भी नहीं खा सकती। राहुल गांधी को अगर पता चल गया तो वह अपने लोगों से कहेंगे कि पन्ना प्रमुख की खेती वे भी करेंगे, लेकिन उन्हें नहीं पता कि भाजपा के पन्ना प्रमुख अगर 15-15 घरों में भी जाएंगे तो कारवां बनता चला जाएगा।
विज्ञापन
यह बात भाजपा के हरियाणा प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने हरियाणा के झज्जर के हसनपुर गांव में बादली हलके के पन्ना प्रमुखों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने राहुल गांधी को बकरी बताते हुए कहा कि वे पन्ना प्रमुख की खेती को नहीं खा सकते।
उन्होंने बादली हलके के पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने हरियाणा में संगठन को नई ताकत देते हुए पन्ना प्रमुखों की संख्या एक लाख से बढ़ाकर पांच लाख तक पहुंचा दी है। हरियाणा में छह अप्रैल तक पांच लाख पन्ना प्रमुख समेत नौ लाख कार्यकर्ताओं को पार्टी के साथ जोड़ दिया जाएगा।
विज्ञापन
हर 60 मतदाताओं पर भाजपा का सिपाही जनसेवा और राष्ट्र सेवा को समर्पित भाव से तत्पर तैयार हो गया है। यही भाजपा की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि आज बारिश में बैठे कार्यकर्ताओं का जोश व उत्साह बता रहा है।
बादली हलका 2024 में कमल खिलाकर हरियाणा में नया इतिहास रचेगा। बादली हलके में वह ताकत है कि वो हरियाणा को नई दिशा दे सकता है। बिप्लब देब ने कहा कि कांग्रेस दिन-प्रतिदिन खंडित और भाजपा संगठित हो रही है। आज भाजपा के पास 19 करोड़ कार्यकर्ताओं का परिवार है
ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रभारी बिप्लब देब का बादली हलके में स्वागत करते हुए कहा कि हरियाणा देशसेवा, अन्न पैदा करने, खेलों में मेडल लाने में अग्रणी है, वहीं अब पीएम मोदी के साथ भाजपा का परिवार बढ़ाने भी अग्रणी हो चला है। बादली हलके में 206 बूथ हैं, आज हर बूथ से पन्ना प्रमुख कमल खिलाने के लिए पूरी मजबूती से खड़ा है। मिशन 2024 हर कार्यकर्ता का ध्येय बन चुका है।