दादरी-रोहतक मुख्यमार्ग स्थित बौंदकलां के समीप बुधवार रात एक ट्राले ने बाइक सवार को कुचल दिया। रोहतक पीजीआई में घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, बौंदकलां थाना पुलिस पर ट्राला बदलने के आरोप लगने पर डीएसपी रमेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और पूरी स्थिति स्पष्ट करने के लिए वहां खड़े बदले गए ट्राले का भी निरीक्षण किया गया। सूत्रों की मानें तो हादसा करने वाला ट्राला ओवरलोड था जबकि उसकी जगह सुबह दूसरा खाली ट्राला खड़ा कर दिया गया। डीएसपी रमेश कुमार ने जांच करने के बाद बताया कि मामले में जांच अधिकारी की गलती सामने आई है। उन्हें मौके पर दुर्घटना करने वाला ट्राला नहीं मिला और मामले की रिपोर्ट एसपी को भेजी जाएगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने बताया कि अभी रिपोर्ट उन्हें नहीं मिली है। रिपोर्ट के अनुसार अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बुधवार शाम साढ़े छह बजे नारनौल चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर एक बाइक सवार को एक ट्राला चालक ने कुचल दिया। बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान पीजीआईएमएस रोहतक में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के भाई सत्येंद्र ने पुलिस बयान में बताया कि बुधवार शाम वह अपने भाई प्रीतम के साथ बाइक पर किसी काम के लिए बस स्टैंड पर आ रहे थे। इसी दौरान बस स्टैंड से पहले किलसर तालाब पर पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क से नीचे की ओर गिर गया जबकि प्रीतम सड़क पर ही गिर गया। आी दौरान पीछे से आ रहा ट्राला प्रीतम के उपर से गुजर गया। घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के लिए उसे पीजीआई ले जाया गया। रोहतक पीजीआई में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वीरवार को मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने सत्येंद्र के बयान पर आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
वहीं, बुधवार शाम साढ़े छह बजे प्रीतम को कुचलने वाले ट्राला काफी देर पुलिस थाने के बाहर खड़ा रहने के बाद रवाना हो गया। वीरवार सुबह उसकी जगह खाली ट्राला खड़ा मिला। पुलिस पर ट्राला बदलने के आरोप लगने पर डीएसपी दादरी रमेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्हें भी हादसा करने वाला ट्राला मौके पर नहीं मिला। डीएसपी ने मामले की जांच रिपोर्ट तैयार कर एसपी को सौंपने की तैयारी कर ली है।
डीएसपी ने मौके पर खड़े दूसरे ट्राले की बनाई वीडियो
डीएसपी रमेश कुमार 11 बजे बौंदकलां थाने में पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले को लेकर कार्यवाहक एसएचओ जयनारायण से जानकारी ली। डीएसपी रमेश कुमार ने हादशे वाले ट्रक की जगह खड़े दूसरे ट्रक की वीडियो बनाई और ट्रक का मुआयना भी किया। उसके बाद में करीनब दो घंटे थाने में जांच के बाद में डीएसपी चरखी दादरी की ओर रवाना हो गए।
आठ घंटे बाद ट्राला लेकर थाने पहुंचा हेड कांस्टेबल
पुलिस पर आरोप लगे कि हादसा करने वाला ट्राल छोड़ दिया गया और उसकी जगह दूसरा ट्राला खड़ा किया गया। हादसे का वाहन बदलने का मामला चर्चा बनने पर सोनीपत पहुंच चुके हादसे वाले ट्राले को लेने के लिए एक हेड कांस्टेबल को भेज गया। उक्त हेड कांस्टेबल आठ घंटे बाद ट्राले लेकर थाने में पहुंचा।
मामले पर क्या बोले बौंदकलां एसएचओ
सवाल : हादसे वाले वाहन को क्यों छोड़ा गया।
एसएचओ: इस बारे में जांच अधिकारी ही बता सकता है। उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
सवाल : क्या पुलिस हादसे वाले वाहन को बिना कोर्ट की अनुमति के जाने दे सकती है। अगर कोई दूसरा हादसा हो जाता है तो किसी की जवाबदेही होगी।
एसएचओ : इस बारे में जांच अधिकारी ही जिम्मेवार होगा। हादसे वाला वाहन बाहर खड़ा किया गया था। वहां से जांच अधिकारी ने भेजा होगा।
सवाल : हादसे वाले वाहन की जगह जो दूसरा खड़ा है वह किस मामले में पकड़ा गया है।
एसएचओ : यह वाहन किसी भी मामले में नहीं है। यह ट्रक वैसे ही थाने के बाहर खड़ा करवा रखा है।
जांच अधिकारी ने रखा अपना पक्ष
ट्रक बदलने के मामले में जांच अधिकारी एचसी हवीन कुमार ने हादसे वाले वाहन को छोड़ने के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि तकनीकी खामी के चलते वाहन को छोड़ा गया। वो ये जवाब नहीं दे सकेे कि ट्रक को किस नियम या कानून के तहत छोड़ा गया। कहा कि उन्होंने वाहन नहीं बदलवाया है।
मामले की जांच कर रिपोर्ट बना ली है : डीएसपी
इस बारे में डीएसपी मुख्यालय रमेश कुमार ने बताया कि हादशे वाले ट्रक की जगह पर दूसरा ट्रक खड़ा करवाने के मामले में एसएचओ से पूरी जानकारी लेकर जांच रिपोर्ट तैयार कर ली है। इस पूरे मामले में जांच अधिकारी की गलती सामने आई है। मेरी जांच के दौरान भी मौके पर हादशे वाला ट्रक नहीं मिला। इस मामले की जांच करके एसपी को भेज दी जाएगी।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जो भी दोषी होगा सख्त कार्रवाई होगी : एसपी
इस बारे में एसपी चरखी दादरी मोहित हांडा ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए डीएसपी को भेज गया था। डीएसपी ने पूरे मामले की जांच कर ली है। वे जांच रिपोर्ट देखकर जो भी मामले में दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।