08jjrp31- सिविल अस्पताल के शव गृह के बाहर पोस्टमार्टम कार्रवाई करते पुलिस कर्मी व मौजूद परिजन।
झज्जर। कुलाना-रेवाड़ी रोड पर खड़ी गाड़ी में अन्य बाइक सवारों की टक्कर हो गई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। मृतक का नागरिक अस्पताल के शव गृह में पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं घायल को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। मृतक का शव पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक की पहचान रेवाड़ी के गांव जीवडा निवासी 45 वर्षीय नरेश कुमार के रूप में हुई है। मृतक नरेश कुमार शादीशुदा था और उसके एक लड़का और एक लड़की है। घायल की पहचान करीब उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के गोपालपुर स्थित घीली खिरिया निवासी 28 वर्षीय मुनेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस को रेवाड़ी के गांव जीवडा निवासी कर्ण सिंह ने बताया कि वह नाई का काम करता है। सात मई को उसे मोबाइल फोन से सूचना मिली कि उसके ताऊ के लड़के गांव जीवडा निवासी नरेश व उसके साथी का कुलाना-रेवाड़ी रोड पर एक्सीडेंट हो गया।
सूचना मिलने के बाद वह अपने अन्य परिवार सहित मौके पर पहुंचा। उसने पता किया तो पता चला कि उसका भाई नरेश कुमार व उसका साथी मुनेंद्र अपनी मोटरसाइकिल पर काम करने वाले ओमबीर के पास गए थे। जब वह वापिस आ रहे थे तो एक निजी होटल पाल्हावास के पास पहुंचे तो वहां एक गाड़ी बिना कोई सूचना चिन्ह या संकेत के सड़क पर खड़ी थी। इस कारण यह हादसा हो गया। राहगीरों की मदद से उसके भाई नरेश व मुनेंद्र को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने नरेश कुमार को मृत घोषित कर दिया और मुनेंद्र को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।