बहादुरगढ़। नगर परिषद की ओर से शहर में मेट्रो कॉरिडोर के नीचे बने डिवाइडर पर सौंदर्यीकरण कराने की तैयारी कर ली गई है। यहां पर फूलों के रंग-बिरंगे पौधों के साथ-साथ रोप लाइट लगाई जाएंगी। हरियाली भी की जाएगी। इसको लेकर नगर परिषद की ओर से टेंडर लगाया गया है। इसके तहत 2 दिसंबर तक निविदाएं आमंत्रित की गई हैं और 3 दिसंबर को टेंडर खोला जाएगा। सौंदर्यीकरण पर 1 करोड़ 82 लाख 66 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि मेट्रो के नीचे डिवाइडर के सौंदर्यीकरण को लेकर कार्य तेज कर दिया गया है। जल्द ही डिवाइडर हरा-भरा और रंग-बिरंगा नजर आएगा। इससे शहर की रौनक और बढ़ेगी।
सांखोल गांव से सेक्टर-9 मोड़ तक करीब दो से ढाई किलोमीटर मेट्रो कॉरिडोर के नीचे फूल पौधों के अलावा हरियाली की जाएगी। साथ ही रोप लाइट भी लगाकर रौनक बढ़ाई जाएगी। इनके लिए टेंडर एक बार फिर जारी किया गया है।
पहले चार बार लग चुके टेंडर
गौरतलब है कि सौंदर्यीकरण के लिए पहली बार लगाए गए टेंडर में दो बिड आई थी, लेकिन दोनों अयोग्य घोषित हो गई थी। दूसरी बार में 8 बिड आई, लेकिन अलग-अलग कारणों से सभी अयोग्य हो गई। तीसरी बार में एक बिड भी नहीं आई थी। चौथी बार भी टेंडर किन्हीं कारणों के चलते सिरे नहीं चढ़ा। अब एक बार फिर 22 नवंबर को टेंडर लगाया गया है। इसके तहत 2 दिसंबर तक निविदाएं आमंत्रित की गई हैं और 3 दिसंबर को टेंडर ओपन होगा।
यह बोले शहरवासी
शहर में मेट्रो ट्रैक के नीचे बने डिवाइडर को नगर परिषद की ओर से यदि जल्द ही हरा-भरा बनाने की कवायद शुरू की जाती है तो इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी। साथ ही रोप लाइट लगाने से रात के समय रौनक रहेगी।
-विपिन कुमार, दुकानदार, दिल्ली-रोहतक रोड
नगर परिषद को शहर को सुंदर बनाने के लिए लगातार काम करना चाहिए। साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। ताकि बहादुरगढ़ शहर स्वच्छता के मामले में नंबर एक पर रहे।
-सत्यवान, नई बस्ती निवासी
बहादुरगढ़ में दिल्ली-रोहतक रोड पर मेट्रो ट्रैक के नीचे बने डिवाइडर पर हरियाली के साथ-साथ फूलदार पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही रोप लाइट भी लगाई जाएगी। टेंडर लगा दिया गया है। 2 दिसंबर तक निविदाएं आमंत्रित होंगी। इसके बाद 3 दिसंबर को टेंडर खोला जाएगा।
-संजय रोहिल्ला, ईओ, नगर परिषद बहादुरगढ़।
-फोटो 51 : बहादुरगढ़ में मेट्रो टै्रक के नीचे से बना डिवाइडर। संवाद