झज्जर जिले के गांव धांधलान के मूल निवासी एवं बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 निवासी लंदन में काउंसलर रोहित अहलावत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का नाम रोशन किया है। रोहित का नाम अब गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
रोहित अहलावत ने विश्व प्रसिद्ध लंदन मैराथन में हिस्सा लिया। इस मैराथन में इतिहास रचते हुए पहली बार 59,830 धावकों ने रेस पूरी कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। मैराथन में कुल 60,512 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। रोहित ने भी सफलतापूर्वक यह कठिन दौड़ पूरी की और हरियाणा का गौरव बढ़ाया।
विशेष बात यह रही कि रोहित अहलावत ने मात्र छह सप्ताह के भीतर तीन बड़ी रेस में भाग लेकर अस्पताल के लिए 10 हजार पाउंड की धनराशि भी जुटाई। उनके इस सामाजिक योगदान की भी जमकर सराहना हो रही है। रोहित के परिवार और दोस्तों के साथ-साथ बहादुरगढ़ के लोगों ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताई है।