बहादुरगढ़। हर दिन प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। रविवार को बहादुरगढ़ की हवा जहरीली हो गई। एक्यूआई 300 पार कर रेड जोन में पहुंच गया। सुबह के समय एक्यूआई येलो जोन में था जबकि शाम 4 बजकर 5 मिनट पर यह येलो, ऑरेंज को पार करते हुए रेड जोन में पहुंच गया। अब कभी भी ग्रैप-2 का चरण लागू हो सकता है।
बढ़ते प्रदूषण के कारण कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) की ओर से भी सख्ती बढ़ाई गई है। एक्यूआई बढ़ने पर सीएक्यूएम की ओर से सड़कों पर धूल के कण कम करने के लिए पानी का छिड़ाव करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र की सड़कों पर उड़ती धूल भी कहीं ज्यादा प्रदूषण को बढ़ा रही है।
प्रदूषण स्तर पर न प्रशासन का ध्यान है और न ही एचएसआईआईडीसी, एनएचएआई और नगर परिषद का। चारों ओर सड़कों पर धूल उड़ रही है। चाहे बहादुरगढ़ बाईपास हो या नया गांव बाईपास, एचएसआईआईडीसी सेक्टर-16 व 17, आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र पार्ट-ए व बी, पुराना औद्योगिक क्षेत्र। अभी किसी भी विभाग ने इस संबंध में कोई कदम नहीं उठाए हैं।
यदि एक्यूआई इसी तरह बढ़ता रहा तो ग्रैप-2 और 3 की पाबंदियां लगते देर नहीं लगेगी और आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
ग्रैप-2 में यह रहेगी पाबंदियां
- ग्रैप-2 के नियमों के तहत केंद्र सरकार दिल्ली और एनसीआर में पार्किंग शुल्क बढ़ा देगी, जिससे पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल किया जाए।
- सरकार मेट्रो और इलेक्ट्रिक बसों के फेरे भी बढ़ाएगी।
- इसके अलावा सड़कों पर धूल के कणों को कम करने के लिए पानी का छिड़काव करने के भी निर्देश रहेंगे।
वायु गुणवत्ता के आधार पर ग्रैप को चार चरणों में बांटा गया है।
चरण-1 खराब (201-300)
चरण-2 बहुत खराब (301-400)
चरण-3 गंभीर (401-450)
चरण-4 गंभीर प्लस (450)
प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। एक्यूआई रविवार को ऑरेंज से रेड जोन में पहुंच गया। यह बहुत खराब है। ग्रैप-2 की पाबंदियां भी कभी भी लागू हो सकती हैं। एक्यूआई 301-400 के बीच ग्रैप-2 और 401 पहुंचने पर ग्रैप-3 की पाबंदियां लग जाएंगी। संबंधित विभाग को नोटिस जारी कर अपने-अपने क्षेत्र में पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए हैं।
- शैलेंद्र दहिया, क्षेत्रीय अधिकारी, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बहादुरगढ़।