युवक की दरिंदगी का शिकार बनी साढ़े तीन साल की बच्ची को शनिवार को होश आ गया। लेकिन हालत में ज्यादा सुधार नहीं हुआ। देर शाम सिविल अस्पताल के चिकित्सकों ने परिजनों को बच्ची को रोहतक पीजीआई ले जाने की सलाह दी। इस बीच पुलिस ने आरोपी मोनू को गांव में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
उसे रविवार को कोर्ट में पेश करेंगे। होश में आने के बाद बच्ची ने दरिंदे की जो करतूत पुलिस को बताई, उससे पुलिस के माथे पर बल आ गए। पुलिस उससे वारदात को लेकर पूछताछ कर रही है।
रेप का शिकार हुई साढ़े 3 साल की बच्ची ने शनिवार को होश में आने के बाद परिजनों व पुलिस को युवक की दरिंदगी बताई। युवक बच्ची को टॉफी देने का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद करीब 20 मिनट तक युवक ने बच्ची को दबोचे रखा। इस दौरान युवक ने बच्ची से पहले रेप किया। बच्ची रोती रही, लेकिन उसकी हरकतें थमी नहीं। बच्ची के साथ युवक ने जो हरकतें की वो इतनी भयावह है कि उसका उल्लेख करना भी न्यूज में संभव नहीं।
ये था मामला
बेरी-डीघल रोड पर स्थित एक गांव में शुक्रवार की शाम साढ़े तीन साल की बच्ची घर के बाहर गली में खेल रही थी। पड़ोस में रहने वाला युवक मोनू उसे बहला फुसला कर अपने घर ले गया। वहां उससे दुष्कर्म किया। जब बच्ची रोने लगी। युवक इससे घबरा गया। इस बीच परिजन भी बच्ची को तलाश करते हुए वहां पहुंचे तो बालिका की हालत देखकर हैरान रह गए। पड़ोस में रहने वाले मोनू को फरार होते परिजनों ने देख लिया। बालिका अर्ध मूर्छित हालत में मिली। परिजनों ने उसे रात को ही सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। इस बीच पुलिस ने रात को ही आरोपी मोनू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।