बहादुरगढ़। किसान आंदोलन की वर्षगांठ के मौके पर टिकरी बार्डर पर भीड़ बहुत बढ़ गई है। यहां वीरवार को हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि सारी मांगें पूरी होने तक हम यहां से नहीं उठेंगे। एक साल पूरा होने के मौके और कानून वापसी की खुशी में शुक्रवार को टिकरी बॉर्डर स्टेज पर पंजाब के मशहूर सिंगर बब्बू मान, कंवर ग्रेवाल कार्यक्रम पेश करेंगे।
सीपीआई से संबद्ध अखिल भारतीय किसान सभा पंजाब के प्रधान हरदेव सिंह हरसी ने कहा कि यह हम किसान मजदूर संगठनों की जीत है। किसानों के संघर्ष ने पूरा रंग दिखाया और प्रधानमंत्री का अहंकार तोड़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की घोषणा कोई चाल भी हो सकती है। हमें अगला कदम बड़े शांति पूर्वक तरीके से उठाना है। सरकार से एमएसपी, पराली, बिजली संबंधी मांगें मनवाकर रहेंगे।
ऑल इंडिया किसान मजदूर संगठन के प्रधान सत्यवान ने कहा कि 19 तारीख को पीएम ने देश के सामने तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की बात कही, उस पर मंत्रिमंडल ने भी मुहर लगाई है। आने वाले संसद के सत्र में रद्द करने की बात कही, हम इंतजार में हैं। उन्होंने कहा कि हमारे जितने साथी जेलों में हैं उनको रिहा किया जाए। लखीमपुर खीरी के आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल में डाला जाए।
अनिवासी भारतीय डॉक्टर सवाई मानसिंह की टीम ने स्टेज पर पहुंचकर किसानों को प्रणाम किया और एसकेएम टिकरी बॉर्डर की कमेटी के मुख्य सदस्यों को शाल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। भारतीय किसान यूनियन नरवाना जींद से जोगिंदर नैन, भारतीय किसान यूनियन राजेवाल के परगट सिंह बठिंडा के जसबीर आडिया, बलदेव सिंह सिंघोवा, जसवीर कौर, बीकेयू जाखल के लाल सिंह, जम्हूरी किसान सभा के प्रधान अमरीक सिंह, जींद से बीकेयू (टिकैत) के बारू राम, कुलदीप सिंह ढांडा व निहंग बाबा कुलदीप खालसा ने भी सभा में अपने विचार व्यक्त किए।