इसे बेरोजगारी का आलम ही कहेंगे कि जिला कोर्ट में चपरासी और प्रोसेस सर्वर के कुल 13 पदों के लिए बेरोजगारों की फौज ने आवेदन कर डाला। आवेदन करने वाले निर्धारित योग्यता से लेकर बीए बीएड और बीटेक किए हुए बेरोजगार हैं। दोनों पदों के लिए लगभग 7616 आवेदकों ने आवेदन किया है। फिलहाल चपरासी के 10 पदों के लिए साक्षात्कार शुरू हो चुके हैं, जो 10 फरवरी तक चलेंगे। प्रतिदिन रोल नंबर के अनुसार 1200 आवेदकों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है।
जिला कोर्ट में चपरासी व प्रोसेस सर्वर के पद के लिए दिसंबर में आवेदन मांगे गए थे। चपरासी पद के लिए लगभग 6584 और प्रोसेस सर्वर पद के लिए 1406 आवेदन आए थे। इसमें से छंटनी करने के बाद चपरासी पद के लिए 6330 और प्रोसेस सर्वर के लिए 1286 आवेदन शार्ट लिस्ट किए गए। अब इन पदों के लिए तीन फरवरी से साक्षात्कार लिए जा रहे हैं। फिलहाल चपरासी पद के लिए साक्षात्कार चल रहे हैं। चपरासी पद की बात करें तो इसके लिए आठवीं कक्षा योग्यता रखी गई है, लेकिन पद के लिए आठवीं से लेकर बीटेक, जेबीटी, एमकाम, बीई योग्यता रखने वाले आवेदकों ने आवेदन किए हैं। इसी प्रकार प्रोसेस सर्वर के लिए योग्यता दसवीं रखी गई है, लेकिन इस पद के लिए एलएलबी, डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग, बीटेक, जेबीटी की योग्यता रखने वाले आवेदकों ने आवेदन किया है।
अंडरएज, ओवरएज वालों ने भी किए आवेदन
ऐसा नहीं है कि अच्छी योग्यता वालों ने ही इसके लिए आवेदन किए हों, लेकिन निर्धारित आयु से कम आयु वालों ने भी इसके लिए आवेदन किए हैं। आवेदन करने की आयु 18 साल और अधिकतम आयु 42 वर्ष रखी गई है। इसमें ऐसे भी लोग सामने आए हैं, जिनकी आयु 18 साल से कम है। चपरासी पद के लिए ऐसे आवेदनों की संख्या 143 और प्रोसेस सर्वर के लिए 43 किशोरों ने आवेदन किया। इसलिए इनके आवेदन रद्द कर दिए गए।
चपरासी पद के लिए किस योग्यता के कितने आए आवेदन
योग्यता आवेदन
आठवीं 395
दसवीं 1967
बारहवीं 3148
बीए 871
बी.काम 43
जेबीटी एक
बीई 41
बीटेक 7
एमकाम 15
प्रोसेस सर्वर पद के लिए किस योग्यता के कितने आए आवेदन
योग्यता आवेदन
दसवीं 292
बारहवीं 680
बीए 228
बीकाम 18
एलएलबी 3
पोस्ट ग्रेजुएट 14
बीटेक 8
जेबीटी 2
डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग एक