बहादुरगढ़। अनियमित औद्योगिक क्षेत्रों को नियमित करने की दिशा में सरकार द्वारा शुरू किए गए ऑनलाइन पोर्टल के संबंध में उद्यमियों को जागरूक करने के लिए वीरवार को कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के कार्यालय में एक विशेष सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम हरियाणा के डायरेक्टर जनरल ऑफ इंडस्ट्रीज यश गर्ग के मार्गदर्शन और उपायुक्त स्वप्निल रविन्द्र पाटिल के दिशानिर्देश में संपन्न हुआ। इसमें जिला एमएसएमई विभाग के जॉइंट डायरेक्टर सुदर्शन कुमार और अधिकारी दीपक ने पोर्टल पर आवेदन की पात्रता, आवश्यक शर्तों और पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।
सुदर्शन कुमार ने बताया कि ऐसे अनियमित औद्योगिक क्षेत्र, जहां कम से कम 10 एकड़ का सतत भू-भाग हो और न्यूनतम 50 औद्योगिक इकाइयां संचालित हों, वे संयुक्त रूप से नियमितीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नियमितीकरण के बाद इन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे उद्योगों को सुचारू संचालन में सहूलियत मिलेगी। अधिकारी दीपक ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, आवेदन भरने की विधि, आवश्यक दस्तावेजों की सूची और समय-सीमा को चरणबद्ध तरीके से समझाया।
कोबी के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग ने सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से अनेक औद्योगिक क्षेत्र नियमितीकरण की प्रतीक्षा कर रहे थे। यह कदम उद्योगों को कानूनी मान्यता दिलाने के साथ बिजली, सड़क, सीवरेज और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा।
बैठक में कोबी के महासचिव प्रदीप कौल, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र वशिष्ठ, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार मित्तल, कार्यकारिणी सदस्य दीपक शर्मा, पुरुषोत्तम गोयल, सुशील पारीक, अभिषेक, सुशील जैन, अमरप्रीत सिंह, अमरजीत सिंह, गुलाब सिंह आदि मौजूद रहे।