झज्जर। जिला सामुदायिक मध्यस्थता केंद्र ग्राम सचिवालय छुछकवास में संचालित है। यह केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे विवादों को आपसी सहमति से निपटाता है। प्रशिक्षित मध्यस्थ कर्मजीत छिल्लर ने लोगों से केंद्र का लाभ उठाने की अपील की है, जिससे उनके कीमती समय और पैसे की बचत हो।
यहां आपसी मनमुटाव दूर कर समझौतों के माध्यम से विवादों का समाधान किया जाता है। दोनों पक्षों की सहमति से हुए समझौते का लिखित विवरण तैयार होता है। इस लिखित फैसले के विरुद्ध किसी भी न्यायालय में अपील नहीं की जा सकती। शिकायतकर्ता सीधे प्रार्थना पत्र देकर अपने मामले की सुनवाई करा सकते हैं। इससे उन्हें पुलिस थाने और न्यायालय के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलती है। केंद्र को अब तक 72 दरखास्तें मिली हैं, जिनमें से 38 पर आपसी सहमति से समझौता कराया गया है।