-फोटो 51 : ऑटो चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते टै्रफिक एसएचओ सतीश कुमार। स्रोत पु
बहादुरगढ़। शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, अनुशासित और नागरिकों के अनुकूल बनाने के लिए पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के नेतृत्व और डीसीपी क्राइम एवं यातायात शुभम सिंह के निर्देशन में यातायात प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने ऑटो चालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यातायात प्रबंधक बहादुरगढ़ निरीक्षक सतीश कुमार ने कहा कि ऑटो चालक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी कार्यशैली से आमजन में पुलिस और परिवहन व्यवस्था की छवि बनती है। उन्होंने सभी ऑटो चालकों को निर्धारित यूनिफॉर्म पहनकर वाहन चलाने, वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यात्रियों के साथ विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। किसी यात्री से अभद्रता, अधिक किराया वसूलने, नियमों की अनदेखी करने या लापरवाही से वाहन चलाने की शिकायत मिलने पर संबंधित चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यातायात प्रभारी ने ऑटो चालकों को यूनिफॉर्म तैयार करवाने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए समय दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के बाद बिना यूनिफॉर्म वाहन चलाने वाले और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
झज्जर यातायात पुलिस ने सभी ऑटो चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित वाहन चलाने और यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार कर पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।