झज्जर। राजकीय महाविद्यालयों में कार्यरत सहायक, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसरों की वर्ष 2025-26 की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) अब ऑनलाइन भरी जाएगी। इसके लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने पोर्टल खोल दिया है, जो 31 अगस्त तक खुला रहेगा। निर्धारित समय तक रिपोर्ट नहीं भरने पर उसे रद्द माना जाएगा।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी राजकीय कॉलेजों के प्राचार्यों को पत्र जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि शिक्षकों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट समय पर भरवाना सुनिश्चित करें। विभाग ने बताया कि रिपोर्ट समय पर नहीं भरने के कारण एक्सटेंशन सर्विस, सीनियर स्केल, सिलेक्शन ग्रेड, प्रोफेसर ग्रेड और पदोन्नति में देरी होती है। रिपोर्ट समय पर प्राप्त नहीं होने पर संबंधित प्राचार्य जिम्मेदार होंगे।
विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सत्यनिष्ठा संबंधी टिप्पणी में केवल डाउटफुल या बियोंड डाउटफुल ही लिखा जाए। इसके अलावा अन्य शब्दों का प्रयोग न किया जाए। यदि कोई विपरीत टिप्पणी दी जाती है तो संबंधित दस्तावेज भी रिपोर्ट के साथ संलग्न करने होंगे। प्राचार्य के अधीन कार्यरत कोई कर्मचारी उनका सगा संबंधी है तो वह उसकी ओवरऑल ग्रेडिंग अंकित नहीं कर सकेंगे।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सहायक, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसरों के परीक्षा परिणामों को रिकॉर्ड के आधार पर प्रमाणित कर प्राचार्य प्रतिहस्ताक्षर करेंगे। विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के पास प्रतिशत में अंतर भी दर्ज करना होगा। यदि परिणाम कम है और प्राचार्य शिक्षक को दोषी नहीं मानते तो इसका पूरा विवरण टिप्पणी में देना होगा।