बहादुरगढ़। रोहतक-दिल्ली मार्ग पर गांव सांखोल में बस से टकराकर एक ऑटो पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया और एक युवक की जान चली गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में अज्ञात बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय दीपक के रूप में हुई। दीपक उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का रहने वाला था। बादली स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। इन दिनों अपने भाई के पास नोएडा गया हुआ था। सोमवार को नोएडा से आया था। दोपहर को बारिश से बचने के लिए दीपक सहित अन्य लोगों ने एक ऑटो में लिफ्ट ली। रोहद निवासी रमेश ऑटो चला रहा था। जब ऑटो सांखोल में शहीद कैप्टन कुलदीप सिंह स्मारक स्थल के पास पहुंचा तो पीछे से एक बस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया। हादसे में चालक रमेश और दीपक को गंभीर चोट आई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बाद में रमेश को पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया जबकि दीपक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर सेक्टर-6 थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस संबंध में पुलिस ने रमेश के बयान पर एक बस चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी बस चालक तक पहुंचने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक करेगी।