बहादुरगढ़। टैक्स में छूट, परमिट और अन्य प्रशासनिक समस्याओं को लेकर एक बार फिर ई-रिक्शा चालकों ने भाजपा नेता व विधानसभा संयोजक दिनेश कौशिक से सेक्टर-2 स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। ई-रिक्शा चालकों ने कहा कि वे बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं।
विज्ञापन
इस दौरान ई-रिक्शा चालक कमलेश कुमार, राजेश कुमार, अमरजीत साहनी, पप्पू, राजकुमार, विपिन, अंकित, विकास, त्रिलोक, संजय, पवन और जयप्रकाश ने कहा कि वे पूरी ईमानदारी से मेहनत कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और सरकार से सहयोग की अपेक्षा रखते हैं।
उनमें से अधिकांश बिहार व उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं जो किराये के मकानों में रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आए दिन यातायात पुलिस और आरटीओ विभाग की कार्रवाई के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विज्ञापन
चालकों ने परमिट, दस्तावेजी प्रक्रिया और टैक्स से जुड़ी जटिलताओं को सरल करने व टैक्स में छूट अथवा माफी देने की मांग रखी। समस्याएं सुनने के बाद भाजपा नेता दिनेश कौशिक ने आश्वासन दिया कि वे ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।