बहादुरगढ़। बालोर बाईपास के पास रविवार की देर शाम एक गाड़ी चालक को चाकू के बल पर लूटने का प्रयास हुआ। चालक और उसके साथियों ने हिम्मत दिखाई तो बदमाश अपनी बाइक को छोड़कर भाग गए। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटनाक्रम नजफगढ़ के निवासी राजेश व उसके साथियों के साथ हुआ। राजेश का कहना है कि वह किराये पर गाड़ी चलाता है। रविवार की शाम को नूना माजरा से प्लाईवुड का सामान लोड कर नोएडा के लिए चला था।
गाड़ी के केबिन में अर्जुन बैठा था। जबकि पीछे डाले में लेबर राहुल, अंकित व रवि थे। जब बालोर चौक से थोड़ा आगे पहुंचे तो बाइक सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। तीनों युवक बाइक से उतरकर हमारे पास आए और एक ने चाकू तान दिया।
कहने लगे कि जो भी कुछ तुम्हारे पास है दे दो, वरना मार देंगे। इसी दौरान साथी अर्जुन ने हिम्मत दिखाते हुए खिड़की खोलकर एक युवक को धक्का मारा और तुरंत पीछे बैठे उनके साथियों को नीचे उतारा। इसके बाद तीनों बदमाश अपनी बाइक छोड़कर वहां से भाग गए। उधर, सूचना पाकर सदर थाने से टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने बाइक कब्जे में ले ली। राजेश की शिकायत पर इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी हिरासत में होंगे।