बूपनियां गांव में नाई की दुकान में हेयर कटिंग करवा रहे एक युवक पर बाइक सवार दो युवकों ने गोली चला दी। गोली युवक की गर्दन के पास से निकली लेकिन छर्रे से युवक घायल हो गया। घायल को बहादुरगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय जनक पुत्र जयभगवान गांव में जरदकपुर रोड स्थित एक नाई की दुकान में कटिंग करवा रहा था। इसी दौरान बाइक पर 2 युवक आए और दुकान के अंदर घुस गए। दोनों युवकों में से एक ने पिस्तौल निकालकर जनक पर गोली चला दी। गनीमत यह रही कि जनक युवकों के इरादे भांप गया और वह निशाने से दूर हो गया। इससे गोली उसकी गर्दन को छूकर निकल गई। हालांकि गोली जनक को नहीं लग सकी लेकिन गोली के गर्दन को छूकर निकलने और छर्रे लगने से वह घायल हो गया। गोली चलाने के बाद दोनों युवक अपनी मोटरसाइकिल से भाग गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी फूलकंवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नाकाबंदी शुरू कर दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल जनक के बयान दर्ज किए। जनक ने पुलिस को बताया कि वह शाम 5 बजे हेयर कटिंग करवाने के लिए गया था। जब वह दुकान पर बैठा था तो उस पर गोली चला दी गई। गोली चलाने वाले दोनों युवक मोटरसाइकिल से भाग गए। बताया गया है मामला पिछले साल दिसंबर माह में गांव में एक युवक की हत्या से जुड़ा है। वहीं पुलिस थाना प्रभारी फूलकंवार का कहना है कि जनक के बयान पर दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने जनक के बयान पर गांव के ही जगत और राहुल के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।