बाबरा गांव में वीरवार की रात दो घरों से 39 तोला सोना व डेढ़ लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। दोनों ही घरों के लोगों को घटना का सुबह पता लगा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर मौके से नमूने एकत्र किए। पुलिस को दी गई शिकायत में बाबरा गांव निवासी सुरेंद्र ने बताया कि वह जनस्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी है। वीरवार की रात को पीछे के रास्ते से उसके घर में चोर घुस गए। उसके परिवार के सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे तो उन्हें अंदेशा है बेहोश करने वाले स्प्रे वहां पर किया गया तथा उनके कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी। इसके बाद चोर उनके घर से 15 तोला सोने के जेवरात व 50 हजार रुपये की नकदी ले गए। वहीं दूसरे पीड़ित अमित ने बताया कि उसके घर से 24 तोला सोने के जेवरात तथा घर पर रखे 80 हजार रुपये की नकदी चोर ले गए। सुबह जब वे उठे तो कमरे में सामान इधर-उधर बिखरा पाया और ताले टूटे मिले। घर से लाखों रुपये की नकदी व जेवरात चोरी देख कर अमित की पत्नी बेहोश हो गई।
मंदिर का गुल्लक भी तोड़ डाला
मंदिर में रखे गुल्लक को भी तोड़कर उसमें रखे पैसे चोर ले गए। ग्रामीणों के अनुसार चोरी की घटना के बाद चोरों ने गांव के ज्वार के खेत में जेवरात के खाली डिब्बों को फेंक दिया। दोनों ही घरों में चोरों ने एक ही अंदाज में घटना को अंजाम दिया है। दोनों ही घरों में चोरों ने सो रहे परिवारों के कमरों की कुंडी बाहर से लगाई है। उसके बाद वारदात को अंजाम दिया है।
दोनों परिवारों की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की सहायता से नमूने लेकर चोरी की वारदात को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है जल्द ही वारदात को ट्रेस कर लिया जाएगा।
आनंद, एसएचओ, सदर थाना झज्जर।
मीटिंग तक सीमित रही पुलिस
झज्जर। पिछले एक माह में क्षेत्र में चोरी की 20 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस चोरों तक तो नहीं पहुंच पा रही है। घटना के बाद एसएसपी व डीएसपी द्वारा मीटिंग कर महकमे की साख बचाने का जरूर प्रयास किया जा रहा है। हर दूसरे दिन हो रही घटना के बाद लोगों में रोष पनप रहा है। खास बात यह है कि चोरों द्वारा एक खास एरिया को ही बार-बार टारगेट किया जा रहा है। बादली तथा झज्जर विधानसभा क्षेत्र के करीब 30 किलोमीटर एरिया में चोर लगातार पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं।
इन जगहों पर हो चुकी हैं वारदात
पिछले एक माह के दौरान क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर के धर्मबीर, नवादा के रामफल, सिलानी के अनूप, सुबाना के कर्ण सिंह, कडौधा गांव के फौजी दिनेश, ग्वालीशन के राजेश, मारौत के संदीप, खेड़ी होशदारपुर के अनिल व बिलोचपुरा के कृष्ण, गांव भूरावास के मंजीत पुत्र चंद्रभान, भूरावास में ही राजेंद्र पुत्र टेकचंद, माछरौली के चौहान अस्पताल, हेयर ड्रेसर, कुलाना के रेडिमेड गारमेंट शॉप के बाद अब बाबरा गांव के सुरेंद्र व अमित के घर लाखों की चोरी हुई है।