पैट्रोल कम डालने वाले एस्सार पंप पर मापतौल विभाग की ओर से 60 हजार का जुर्माना किया गया है। जो कि पंप संचालक की ओर से जमा भी करवा दिया गया है। इसके बाद विभाग की ओर से सील की गई दो पैट्रोल नोजल को ओपन कर दिया गया है।
गौरतलब है कि 7 दिसंबर को मापतौल विभाग की ओर से धौड़ चौक स्थित एस्सार पंप पर पैट्रोल मशीन की जांच की गई थी। इसमें पाया गया कि दो नोजलों से हर पांच लीटर में 40 से 50 एमएल तेल कम मिल रहा है। जिस पर टीम ने रिपोर्ट बनाते हुए उक्त पंप की दो नोजल सील कर दी थी। वहीं इसी पंप पर विभाग से बिना अनुमति लिए सीएनजी मशीन को चालू कर दिया था। इसके बाद मशीन को भी विभाग की ओर से बंद रखने के आदेश दिए गए थे। टीम की ओर से दोनों मामले की रिपोर्ट अस्सिटेंट कंट्रोलर को भेजी गई थी। इस पर कार्यवाही करते हुए अस्सिटेंट कंट्रोलर ने तेल कम मिलने पर 30 हजार तथा बिना अनुमति सीएनजी सेवा शुरू करने पर 30 हजार रुपये का जुर्माना कर दिया है। पंप संचालक की ओर से यह जुुर्माना विभाग को जमा करवा दिया गया है।
वर्जन
मापतौल निरीक्षक अजय कुमार दहिया ने बताया कि एस्सार पंप पर तेल कम मिलने व बिना अनुमति के सीएनजी सेवा शुरू करने की रिपोर्ट बनाकर भेजी गई थी। इस पर पंप संचालक को 60 हजार रूपए का जुर्माना किया गया है।